क्रिकेट

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए इस युवा खिलाड़ी ने पक्की की भारतीय प्लेइंग-11 में जगह

ध्रुव जुरेल ने ऋषभ पंत की वापसी के बाद भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैच की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय प्लेइंग-11 में बतौर बल्लेबाज अपनी जगह पक्की कर ली है। जानिए किसकी जगह मिलेगा मौका?

Image

ध्रुव जुरेल

Photo : AP

नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए भारतीय विकेटकीपर और उपकप्तान ऋषभ पंत जब टीम में वापसी करेंगे तो ध्रुव जुरेल की शानदार लय को भारतीय टीम प्रबंधन और राष्ट्रीय चयन समिति द्वारा नजरअंदाज करना काफी मुश्किल होगा। श्रृंखला का पहला टेस्ट मैच कोलकाता में 14 नवंबर से शुरू होगा और इसमें जुरेल का बल्लेबाज के तौर खेलना लगभग तय माना जा रहा है।

चोटिल पंत की जगह जुरेल ने संभाला था मोर्चा

पंत जब टखने के फ्रैक्चर से उबर रहे थे, तब जुरेल ने भारत के लिए पिछले तीन टेस्ट मैचों लंदन (ओवल), अहमदाबाद और दिल्ली में विकेटकीपिंग की थी, लेकिन उप-कप्तान की वापसी ने कोलकाता में एक हफ्ते से भी कम समय में शुरू होने वाले पहले टेस्ट से पहले अंतिम एकादश का चयन थोड़ा मुश्किल बना दिया है। घरेलू सत्र की शुरुआत से जुरेल ने 140, एक और 56, 125, 44 और छह, नाबाद 132 और नाबाद 127 रन की शानदार पारियां खेली है। उन्होंने इस दौरान प्रथम श्रेणी के पिछले आठ मैच में तीन शतक और एक अर्धशतक लगाये है जिसमें से एक शतक टेस्ट मैच में आया है।

इन खिलाड़ियों कीजगह मिलेगी प्लेइंग-11 में जगह

बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर कहा,'जुरेल के विशेषज्ञ बल्लेबाज के तौर पर खेलने की संभावना है। उन्हें आदर्श रूप से साईं सुदर्शन की जगह तीसरे क्रम या हरफनमौला नीतीश कुमार रेड्डी की जगह निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए उतारा जा सकता है। भारतीय परिस्थितियों में टीम को रेड्डी की गेंदबाजी की ज्यादा जरूरत नहीं होगी।'

विंडीज के खिलाफ नीतीश ने की थी ना के बराबर गेंदबाजी

ऐसा माना जा रहा है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद में पहली पारी में रेड्डी को केवल चार ओवर गेंदबाजी करने का मौका दिए जाने के बाद दिल्ली टेस्ट मैच में देवदत्त पडिक्कल को खिलाने पर गंभीरता से विचार-विमर्श हुआ था। दिल्ली टेस्ट में उन्हें बल्लेबाजी का कुछ समय देने के लिए बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा गया था, लेकिन उन्हें गेंदबाजी का मौका नहीं दिया गया।

तीन स्पिनर्स और दो गेंदबाजों के साथ उतर सकती है टीम इंडिया

गौतम गंभीर आठवें नंबर तक बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी को एकादश में रखने के पक्ष में रहते है लेकिन वह जुरेल को मध्यक्रम में अधिक मौका देना चाहेंगे। भारत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन स्पिनरों और दो तेज गेंदबाजों के साथ खेल सकता है। महेंद्र सिंह धोनी और दिनेश कार्तिक, धोनी और पार्थिव पटेल, धोनी और ऋषभ पंत अलग-अलग समय पर भारत के लिए एक ही सीमित ओवरों की टीम का हिस्सा रहे हैं, लेकिन टेस्ट एकादश में दो विशेषज्ञ विकेटकीपरों के होने के ज्यादा उदाहरण नहीं हैं। किरण मोरे और चंद्रकांत पंडित ने 1986 में कुछ टेस्ट मैच खेले (एक इंग्लैंड में और एक भारत में)। पंडित एक विशेषज्ञ बल्लेबाज के रूप में खेले।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article