क्रिकेट

डेविड वॉर्नर ने ड्रिंक एंड ड्राइव का जुर्म कबूला, हो सकती है 9 महीने की जेल और भारी जुर्माना

सिडनी में रैंडम ब्रेथ टेस्ट के बाद डेविड वॉर्नर ने ड्रिंक एंड ड्राइव का आरोप स्वीकार कर लिया। उनके वकील ने पुष्टि की कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर ने अपनी गलती मान ली है। इस अपराध के लिए वॉर्नर पर ड्राइविंग बैन, जुर्माना और जेल की सजा हो सकती है। यह घटना वॉर्नर से जुड़े बड़े विवादों की लिस्ट में एक और मामला है। ड्रिंक-ड्राइविंग के आरोप में सजा 18 अगस्त को सुनाई जाएगी।

Image

डेविड वॉर्नर ने मानी अपनी गलती। फाइल फोटो

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर डेविड वॉर्नर ने अप्रैल में सिडनी में रैंडम ब्रेथ टेस्ट के दौरान रोके जाने के बाद ड्रिंक-ड्राइविंग का आरोप स्वीकार कर लिया है। बीबीसी के अनुसार, वॉर्नर के वकील बॉबी हिल ने पुष्टि की कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर ने आरोप स्वीकार कर लिया है।

5 अप्रैल को सिडनी में रैंडम रोडसाइड ब्रेथ टेस्ट में फेल होने के बाद वॉर्नर पर आरोप लगाया गया था। बाद में पुलिस उन्हें मारौबरा पुलिस स्टेशन ले गई, जहां उनके ब्लड में अल्कोहल की रीडिंग 0.104 आई, जो कानूनी सीमा से दोगुनी से भी ज्यादा थी। इसके बाद वॉर्नर पर केस दर्ज किया और मामले की सुनवाई शुरू हुई।

वकील ने कहा- वॉर्नर का गलत फैसला

बीबीसी के अनुसार, वॉर्नर के वकील हिल ने कोर्ट को बताया, दोनों पक्ष तथ्यों पर चर्चा कर रहे हैं। वह मानते हैं कि यह एक लापरवाह और बेवकूफी भरा फैसला था कि उन्होंने उबर (Uber) लेने के बजाय अपनी कार चलाई। ईसा मसीह के पुनरुत्थान (ईस्टर) के दिन एक गिलास वाइन पीना कोई अपराध नहीं है। असल में, कुछ लोग इसे पूरी तरह से सही मानेंगे। उनका अपराध, जैसा कि मैंने कहा, प्लान B के बजाय एक बेवकूफी भरा प्लान A चुनना है।

18 अगस्त को सुनाई जाएगी सजा

वॉर्नर को 18 अगस्त को सजा सुनाई जाएगी। उन्हें कम से कम छह महीने के ड्राइविंग बैन, लगभग 12 लाख तक के जुर्माने और अधिकतम 9 महीने की जेल की सजा सुनाई जा सकती है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर पहले भी कई बड़े विवादों में शामिल रहे हैं। 2018 में, दक्षिण अफ्रीका में बॉल-टैम्परिंग स्कैंडल के कारण उन पर 12 महीने का बैन लगाया गया था।

क्योंकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पाया था कि उन्होंने सैंडपेपर का इस्तेमाल करके गेंद की स्थिति बदलने की योजना बनाई थी। इस घटना के कारण वह राष्ट्रीय टीम में लीडरशिप की भूमिकाओं के लिए हमेशा के लिए अयोग्य भी हो गए थे। 2013 में, बर्मिंघम में हुई एक घटना के दौरान इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट को मुक्का मारने के बाद वॉर्नर को सस्पेंड कर दिया गया था।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article