क्रिकेट

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान,बरकरार रही हरमनप्रीत कौर की कमान

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज के लिए बीसीसीआई ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया है। जानिए किन खिलाड़ियों को मिला मौका?

Image

हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना

KEY HIGHLIGHTS
  • न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए हरमनप्रीत कौर की कप्तानी बरकरार
  • चार अनकैप्ड खिलाड़ियों को मिला पहली बार मौका
  • 12वीं परीक्षा की वजह से सीरीज में नहीं खेल पाएंगी ऋचा घोष

नई दिल्ली: हरमनप्रीत कौर को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए बृहस्पतिवार को सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम क्रिकेट टीम का कप्तान बरकरार रखा गया जबकि चयनकर्ताओं ने 24 अक्टूबर से शुरू हो रही श्रृंखला के लिए चार ‘अनकैप्ड’ (जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला हो) खिलाड़ियों को भी चुना है।

हरमनप्रीत की कप्तानी बरकरार

टी20 विश्व कप से भारत के जल्दी बाहर होने के बाद कप्तान के रूप में हरमनप्रीत के भविष्य पर सवाल उठने लगे थे। हालांकि चयनकर्ताओं ने फिलहाल उनके साथ बने रहने का फैसला किया है। अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले एकदिवसीय विश्व कप की तैयारियों की शुरुआत भी करेंगे जिसकी मेजबानी भारत अगले साल करेगा।

ऋचा घोष नहीं हैं सीरीज के लिए उपलब्ध

बीसीसीआई ने एक बयान में कहा कि 21 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष इस श्रृंखला के लिए उपलब्ध नहीं होंगी क्योंकि इसकी तारीखें उनकी 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के साथ टकरा रही हैं। चोट के कारण आशा शोभना के नाम पर विचार नहीं किया गया जबकि ऑलराउंडर पूजा वस्त्रकार को आराम दिया गया है।

कई युवा खिलाड़ियों को मिला मौका

हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में भारत ए टीम का हिस्सा रही अनकैप्ड खिलाड़ियों को मौका दिया गया है जिसमें तेजल हसबनीस, सयाली सतगरे और प्रिया मिश्रा शामिल हैं। डब्ल्यूपीएल खेल चुकी तेज गेंदबाज साइमा ठाकोर टीम की एक और ऐसी सदस्य हैं जिन्हें अंतरराष्ट्रीय पदार्पण का इंतजार है।

मंधाना टीम की हैं उपकप्तान

टी20 विश्व कप में खराब फॉर्म में चल रहीं स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है। चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी बल्लेबाज उमा छेत्री भी टीम का हिस्सा हैं और वह इस श्रृंखला में एकदिवसीय पदार्पण कर सकती हैं। तीनों मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाएंगे।

टीम इस प्रकार है:

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, डी हेमलता, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, यस्तिका भाटिया, उमा छेत्री, सयाली सतगरे, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, तेजल हसबनीस, साइमा ठाकोर, प्रिया मिश्रा, राधा यादव और श्रेयंका पाटिल।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article