क्रिकेट

ICC U19 Women's T20 World Cup 2025: बीसीसीआई ने किया भारत की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान, ये खिलाड़ी संभालेगी कमान

बीसीसीआई ने 18 जनवरी से मलेशिया की मेजबानी में खेले जाने वाले बीसीसीआई अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। इन खिलाड़ियों को मिली है टीम में जगह।

Image

निकी प्रसाद(साभार BCCI)

नई दिल्ली: भारत ने अगले साल 18 जनवरी से दो फरवरी तक मलेशिया के कुआलालंपुर में खेले जाने वाले आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप के लिए मंगलवार को 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की महिला चयन समिति ने टीम की घोषणा की जिसका नेतृत्व निकी प्रसाद करेंगी जबकि सानिका चालके उप-कप्तान होंगी। टीम में कमलिनी जी और भाविका अहिरे के रूप में दो विकेटकीपर हैं, जबकि तीन स्टैंडबाय खिलाड़ी नंदना एस, इरा जे और अनादि टी को भी टीम में शामिल किया गया है।

इस प्रतियोगिता में कुल 16 टीम भाग लेंगी जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। भारत मौजूदा चैंपियन है और उसे मेजबान मलेशिया, वेस्टइंडीज और श्रीलंका के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। भारत अपने अभियान की शुरुआत 19 जनवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ करेगा। उसके बाद वह मलेशिया (21 जनवरी) और श्रीलंका (23 जनवरी) के खिलाफ मैच खेलेगा।

ऐसा है टूर्नामेंट का फॉर्मेट

ग्रुप चरण के मैच 19 से 23 जनवरी के बीच खेले जाएंगे। इनमें प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष पर रहने वाली तीन टीम 25 से 29 जनवरी के बीच होने वाले सुपर सिक्स में जगह बनाएंगी। सुपर सिक्स में छह छह टीम के दो ग्रुप होंगे। सुपर सिक्स में प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष पर रहने वाली दो टीम सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी जो 31 जनवरी को खेला जाएगा। फाइनल दो फरवरी को होगा।

ये 16 टीमें ले रही हैं टूर्नामेंट में भाग

ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, भारत, आयरलैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और वेस्टइंडीज ने 2023 में खेले गए विश्व कप में अपनी भागीदारी के माध्यम से इस प्रतियोगिता में जगह बनाई जबकि मलेशिया को मेजबान होने के कारण सीधा प्रवेश मिला। नेपाल, नाइजीरिया, समोआ, स्कॉटलैंड और अमेरिका ने क्षेत्रीय टूर्नामेंट जीत कर प्रतियोगिता में अपनी जगह सुरक्षित की।

अंडर-19 टी20 महिला विश्व कप के लिए भारतीय टीम:

निकी प्रसाद (कप्तान), सानिका चालके (उप-कप्तान), जी त्रिशा, कमलिनी जी (विकेटकीपर), भाविका अहिरे (विकेटकीपर), ईश्वरी अवसरे, मिथिला विनोद, जोशिता वीजे, सोनम यादव, पारुनिका सिसौदिया, केसरी द्रिथि, आयुषी शुक्ला, आनंदिता किशोर, एमडी शबनम, वैष्णवी एस।

स्टैंडबाय खिलाड़ी: नंदना एस, इरा जे, अनादि टी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article