क्रिकेट

AUS vs IND: रोहित-विराट के खेलने से शुभमन गिल का फायदा, अक्षर पटेल ने बताया कारण

AUS vs IND: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 मैच की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले अक्षर पटेल ने विराट कोहली और रोहित शर्मा के वनडे भविष्य पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

Image

अक्षर पटेल (साभार-X)

रविवार से शुरू हो रहे भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज से पहले बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा दोनों की मौजूदगी शुभमन गिल को एक कप्तान के तौर पर बेहतर होने में मदद करेगी। भारतीय टीम रविवार को तीन मैचों की श्रृंखला के पहले वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया का सामना करेगी। टीम के यहां पहुंचने के बाद दूसरे अभ्यास सत्र के बाद अक्षर ने कहा कि मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी के बाद पहली बार भारत के लिए खेलने को तैयार रोहित और कोहली पहले की तरह ही चुस्त दिख रहे हैं।

भारत ने रोहित की अगुवाई में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। इसके बावजूद गिल को इस दौरे पर वनडे टीम की कमान सौंपी गयी है।

अक्षर ने ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड के साथ एक संयुक्त बातचीत में कहा, ‘‘गिल के लिए यह एकदम सही है। रोहित भाई और विराट भाई मौजूद हैं और इसके साथ ही वे कप्तान भी रहे हैं। इसलिए वे अपना योगदान भी दे सकते हैं। ऐसे में कप्तान के तौर पर गिल का अच्छा विकास होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘गिल की कप्तानी में अब तक जो अच्छी बात रही है, वह यह है कि उन पर दबाव हावी नहीं हुआ है।’’

दोनों पहले की तरह हैं फिट

रोहित और कोहली को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेले हुए काफी समय हो गया है लेकिन अक्षर ने कहा कि वह पहले की तरह ही फिट और चुस्त दिख रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘वे दोनों विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं। उनके फॉर्म (लय) के बारे में हमें शुरुआती वनडे मैच के बाद पता चलेगा। वे पेशेवर हैं, इसलिए उन्हें पता है कि क्या करना है। वे बेंगलुरु स्थित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (उत्कृष्टता केंद्र) में अभ्यास कर चुके हैं, इसलिए मुझे लगता है कि वे खेलने के लिए तैयार हैं।’’ एक दशक पहले भारतीय खिलाड़ी के रूप में पहली बार ऑस्ट्रेलिया का दौरा करने वाले इस हरफनमौला ने कहा, ‘‘वे अभ्यास सत्र के दौरान अपने खेल और फिटनेस दोनों में बहुत अच्छे दिख रहे हैं।’’

अक्षर सहित अधिकांश भारतीय क्रिकेटरों ने ऑस्ट्रेलिया में काफी क्रिकेट खेला है। ये खिलाड़ी परिस्थितियों को लेकर मानसिक रूप से सहज महसूस करते हैं।

अक्षर ने कहा कि ड्रेसिंग रूम में बातचीत विपक्षी टीम के खिलाफ रणनीति बनाने पर ज्यादा केंद्रित होती है। हम पिचों की उछाल और प्रकृति के बारे में ज्यादा बातचीत नहीं करते है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि 2015 (ऑस्ट्रेलिया में उनका पहला दौरा) के बाद से काफी बदलाव हुए हैं। उस समय हमें ऑस्ट्रेलिया का ज्यादा अनुभव नहीं था ऐसे में हम पिचों, परिस्थितियों और उछाल के बारे में बात करते थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘2015 विश्व कप के बाद हमने नियमित रूप से खेलना शुरू किया और श्रृंखला लंबी होने लगी। उसके बाद बल्लेबाजों ने और बेहतर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हमें यहां अब ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों जैसा महसूस नहीं होता। हमें ज्यादा बेहतर तरीके से तैयार रहना पड़ता है। अक्षर ने कहा, ‘‘हम अब इस बारे में सोच रहे हैं कि हम कहां रन बना सकते हैं, इसलिए हम रणनीति और टाइमिंग पर बात कर रहे हैं। हम पिच की नहीं, बल्कि इस बारे में बात कर रहे हैं कि हम कैसे रणनीति बना सकते हैं।’’ रविंद्र जडेजा की गैरमौजूदगी से इस श्रृंखला में अक्षर को बड़ी ज़िम्मेदारी निभानी होंगी। उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस श्रृंखला को लेकर बहुत आश्वस्त हूं। एशिया कप में मैंने बल्ले और गेंद दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया था। लंबे समय (2022 टी20 विश्व कप) के बाद, मैं ऑस्ट्रेलिया में खेलूंगा। मैं इस चुनौती के लिए तैयार हूं।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article