क्रिकेट

बैटिंग या बॉलिंग, कौन सा ऑलराउंडर हैं अक्षर पटेल-श्रीलंका दौरे से पहले खोला राज

श्रीलंका दौरे से पहले अक्षर पटेल ने अपनी बल्लेबाजी को लेकर बात की है। उन्होंने बताया है कि उन्हें बैटिंग या बॉलिंग कौन सा ऑलराउंडर कहलाना ज्यादा पसंद है। टी20 वर्ल्ड कप 2024 में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की है।

Image

अक्षर पटेल (साभार-BCCI)

श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके रवींद्र जडेजा को वनडे स्क्वॉड में जगह नहीं मिली है। ऐसा माना जा रहा है कि अब टीम मैनेजमेंट वनडे फॉर्मेट में युवा चेहरों को लेकर आगे बढ़ना चाहती है और यही कारण है कि इस दौरे पर रवींद्र जडेजा की जगह अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर को बतौर ऑलराउंडर जगह दी गई है।

टी20 वर्ल्ड कप 2024 में अक्षर ने शानदार प्रदर्शन किया था। बीते कुछ महीनों में खासतौर से उन्होंने जिस तरह की बल्लेबाजी की है, उसको देखते हुए कहा जा सकता है कि वह जडेजा का विकल्प बनने की रेस में टॉप पर चल रहे हैं। ऐसे में अक्षर से जब पूछा गया कि वह बैटिंग या बॉलिंग कौन सा ऑलराउंडर हैं तो उन्होंने इसका जवाब मजेदार अंदाज में दिया।

जिस दिन जो चल गया वो ऑलराउंडर

ईएसपीएनक्रिकइंफो को दिए गए इंटरव्यू में अक्षर पटेल ने बताया कि जिस दिन जो चल गया वो ऑलराउंडर बन जाता हूं मैं। अगर मेरी बॉलिंग चल जाए तो मैं बॉलिंग और अगर बैटिंग चल जाए तो बैटिंग ऑलराउंडर। मैंने बल्लेबाज के तौर पर ही शुरुआत की थी, इसलिए मुझे लगता है कि मुझे बैटिंग ज्यादा पसंद है। पिछले दो-तीन साल में जिस तरह की बैटिंग हमने की है, हमको लगता है कि अब मैं योग्य हूं। शुरुआती कुछ सालों में मैं अपनी बल्लेबाजी के साथ न्याय नहीं कर रहा था।

श्रीलंका दौरे पर है अक्षर के पास मौका

जडेजा के टी20 क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद क्रिकेट के इस फॉर्मेट में तो अक्षर ने अपनी जगह पक्की कर ली है, लेकिन श्रीलंका दौरे पर उनके पास वनडे में खुद की जगह बनाने का मौका है। 3 मैच की वनडे सीरीज की शुरुआत 2 अगस्त से होगी। आखिरी मुकाबला 7 अगस्त को खेला जाएगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!