क्रिकेट

IND vs AUS: प्लेयर ऑफ द मैच बनकर भी खुश नहीं अक्षर पटेल, इस बात पर जताई निराशा

IND vs AUS: भारत ने चौथा टी20 मुकाबला 48 रन से जीत लिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। मैच के हीरो रहे अक्षर पटेल जिन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हालांकि, उन्होंने अपने बल्लेबाजी क्रम को लेकर निराशा जताई।

Image

अक्षर पटेल (साभार-BCCI X)

IND vs AUS: भारतीय क्रिकेट टीम ने क्वींसलैंड में खेले गए टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को 48 रन से हरा दिया। इस जीत के हीरो रहे ऑलराउंडर अक्षर पटेल जिन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से धमाल मचाया। उन्होंने गेंद और बल्ले से महत्वपूर्ण योगदान देते हुए टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए पटेल को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। पुरस्कार लेते हुए अक्षर पटेल ने अपने बल्लेबाजी क्रम को लेकर निराशा जताई। उन्होंने ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि छठा या सातवां नंबर मेरा पसंदीदा बल्लेबाजी क्रम है। मैं बस क्रीज पर जाता हूं और टीम की जरूरत के मुताबिक खेलता हूं। मेरे हिसाब से बल्लेबाजों की यही ताकत है।"

पटेल को बल्लेबाजी के लिए आठवें नंबर पर भेजा गया था। 11 गेंद पर 1 चौका और 1 छक्का लगाते हुए उन्होंने नाबाद 21 रन की पारी खेली। अपनी बल्लेबाजी पर पटेल ने कहा, "मैं बल्लेबाजी के लिए निचले क्रम में गया। इसलिए मुझे विकेट को समझने का मौका मिल गया था। मैंने अपने साथी खिलाड़ियों से बात भी की थी। पिच धीमी थी, लेकिन अप्रत्याशित उछाल था। इस वजह से बल्लेबाजी थोड़ी मुश्किल थी।"

पटेल ने गेंदबाजी में भी कमाल किया और 4 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट लिए। अपनी गेंदबाजी पर पटेल ने कहा, "मैं अपनी योजना के अनुसार गेंदबाजी कर रहा था। अगर बल्लेबाज मुझे लाइन के नीचे से हिट करने वाले होते हैं, तो मैं मिडिल स्टंप पर गेंदबाजी कर सकता हूं। गुड लेंथ, 5-6 मीटर लेंथ, और फिर अगर चीजें मेरे अनुकूल नहीं हो रही हों, तो मैं बस एक-दो फुल लेंथ की गेंद फेंकता हूं। विकेट टू विकेट गेंदबाजी सबसे महत्वपूर्ण है। इसका फायदा मुझे मिला।"

मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 167 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया को 18.2 ओवर में 119 रन पर समेट टीम ने 48 रन से जीत हासिल की। जीत के साथ भारत ने 5 टी20 मैचों की सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली है। पहला मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था, जबकि आखिरी मैच शनिवार को खेला जाएगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article