AUS vs SCO: कैमरन ग्रीन के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे और आखिरी टी20 मुकाबले में स्कॉटलैंड को 6 विकेट से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 150 रन का लक्ष्य था जिसे उसने कैमरन ग्रीन की विस्फोटक और नाबाद 62 रन की पारी के दम पर हासिल कर लिया।ऑस्ट्रेलिया ने यह लक्ष्य 4 विकेट खोकर 23 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। ग्रीन के अलावा मिचेल मार्श ने 31 और टिम डेविड ने 25 रन की पारी खेली।
टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 149 रन का स्कोर खड़ा किया। स्कॉटलैंड की ओर से ब्रैंडन मैकमुलेन ने सर्वाधिक 56 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी की बात करें तो सबसे सफल कैमरन ग्रीन रहे जिन्होंने 35 रन देकर 3 विकेट चटकाए। ग्रीन के अलावा एरॉन हार्डी और सीन एबॉट ने 2-2 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा।
3 मैच की सीरीज पर किया कब्जा
इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 3 मैच सीरीज में उसका सूफड़ा साफ कर दिया। पहला टी20 ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट से जीता था जबकि दूसरे टी20 मुकाबले में उसने स्कॉटलैंड को 70 रन से पटखनी दी थी।
