लंदन: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज के पहले टेस्ट में 2 विकेट के अंतर से हार के बाद मेजबान इंग्लैंड सीरीज में 0-1 से पिछड़ गई है। बुधवार से लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले जाने वाले सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच की पूर्व संध्या पर मेजबान टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया।
जोश टंग पर जताया है भरोसा
पहले टेस्ट के दौरान चोटिल हुए ऑफ स्पिनर मोईन अली प्लेइंग-11 में जगह बना पाने में नाकाम रहे हैं। उनकी जगह वॉर्सेस्टरशर के तेज गेंदबाज जोश टंग को एकादश में शामिल किया गया है। पहला टेस्ट दो विकेट से हारने वाली इंग्लैंड टीम में हुए यह एकमात्र बदलाव है। जोश टंग ने पिछले महीने आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। एशेज टेस्ट में उन्हें मार्क वुड , क्रिस फोक्स और मैथ्यू पॉट्स पर तरजीह दी गई है।
पेस बैटरी के भरोसे उतरेगा इंग्लैंड, जो रूट करेंगे स्पिन गेंदबाजी
टेस्ट टीम में वापसी करने वाले मोईन अली की के दाहिने हाथ की उंगली में चोट लगी थी। उनके लॉर्ड्स टेस्ट के लिए फिट होने पर अटकलें लग रही थीं लेकिन वो ऐसा करने में नाकाम रहे। ऐसे में अब इंग्लैंड की टीम तेज गेंदबाजों के साथ मैदान में उतरेगी। स्पिनर की भूमिका पूर्व कप्तान जो रूट अदा करेंगे। जिन्होंने पहले टेस्ट में भी गेंदबाजी की थी।
दूसरे एशेज टेस्ट के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग-11:
बेन डकेट, जैक क्रॉली, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जॉनी बेयर्स्टो (विकेटकीपर), स्टुअर्ट ब्रॉड, ओली रॉबिन्सन, जोश टंग, जेम्स एंडरसन।
