क्रिकेट

IND-W vs SA-W: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डेब्यू मैच में चमकीं शोभना आशा, बना एक अनोखा संयोग

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बेंगलुरु में खेले गए सीरीज के पहले वनडे में 33 वर्षीय आशा शोभना ने अपने करियर के पहले मैच में धमाल मचाते हुए टीम की जीत में अहम योगदान दिया। टीम की जीत और शोभना की डेब्यू कैप के नंबर के बीच अनोखा संयोग भी बन गया।

Image

कप्तान हरमनप्रीत कौर से डेब्यू कैप हासिल करती आशा शोभना (साभार BCCI Women)

KEY HIGHLIGHTS
  • आशा शोभना ने किया वनडे डेब्यू
  • बनीं भारत के लिए वनडे क्रिकेट खेलने वाली 143वीं महिला खिलाड़ी
  • डेब्यू मैच में 21 रन देकर चटकाए 4 विकेट

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विमेंस प्रीमियर लीग में धमाल मचाने वाले 33 वर्षीय स्पिनर आशा शोभना को वनडे डेब्यू का मौका मिला। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्मृति मंधाना की 117 रन की शानदार शतकीय पारी की बदौलत 8 विकेट पर 265 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में खेलने उतरी मेहमान टीम 37.4 ओवर में 122 रन पर ढेर हो गई और भारत ने 143 रन के अंतर से मैच अपने नाम कर लिया।

डेब्यू मैच में चटकाए 21 रन देकर 4 विकेट

भारतीय गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीकी बैटर्स को पिच पर ज्यादा देर टिकने नहीं दिया। अपने करियर का पहला वनडे मैच खेल रही आशा शोभना ने 8.4 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। शोभना ने मारीजान कप, मसाब्ता क्लास, नोनकुलुलेको मलाबा और अयाबोंगा खाका के विकेट अपने नाम किए।

डेब्यू और जीत के बीच बना अनोखा संयोग

आशा शोभना को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले कप्तान हरमनप्रीत कौर ने डेब्यू कैप दी। शोभना भारत के लिए वनडे क्रिकेट खेलने वाले 143वीं महिला खिलाड़ी बनीं। शोभना ने टीम की जीत में अहम योगदान दिया और आखिरी तीन विकेट अपने नाम किए। अंत में भारतीय टीम ने 143 रन के अंतर से ही मैच अपने नाम कर लिया।

डब्लूपीएल 2024 में मचाया था धमाल

शोभना आशा ने विमेंस प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन किया था और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ियों में श्रेयंका पाटिल(13) के बाद दूसरे पायदान पर रहीं थीं। शोभना ने 10 मैच में 15.41 के औसत और 7.11 की इकोनॉमी के साथ 12 विकेट अपने नाम किए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 22 रन देकर 5 विकेट रहा था। शोभना आशा ने आरसीबी की खिताबी जीत में अहम भूमिका अदा की थी। इस प्रदर्शन के बाद ही उन्हें मई में बांग्लादेश के खिलाफ भारत के लिए टी20 और अब वनडे डेब्यू का मौका मिला। बांग्लादेश के खिलाफ दो टी20 मैच में उन्होंने 10.75 के औसत और 6.14 की इकोनॉमी से 4 विकेट लिए थे। 18 रन देकर 2 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article