क्रिकेट

एंड्रर्यू फ्लिंटॉफ ने शुरू की नई पारी, ईसीबी ने दी बड़ी जिम्मेदारी

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने एंड्रर्यू फ्लिंटॉफ को युवा खिलाड़ियों को निखारने की जिम्मेदारी देते हुए इंग्लैंड लॉयंस टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है।

Image

एंड्रर्यू फ्लिंटॉफ( साभार Andrew Flintoff Twitter)

KEY HIGHLIGHTS
  • एंड्रर्यू फ्लिंटॉफ बने इंग्लैंड लॉयंस के नए हेड कोच
  • लग रही थी इंग्लैंड के व्हाइट बॉल कोच बनने की अटकलें
  • द हंड्रेड में फ्लिंटॉफ ने नॉर्दन सुपरचार्जर्स को दी कोचिंग

लंदन: पूर्व दिग्गज हरफनमौला एंड्रयू ‘फ्रेडी’ फ्लिंटॉफ को शनिवार को इंग्लैंड लायन्स (इंग्लैंड की ए टीम) का मुख्य कोच नियुक्त किया गया। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान अपने खेल करियर को समाप्त करने के बाद से टेलीविजन चैनलों से जुड़े रहे है, लेकिन अब वह कोचिंग के क्षेत्र में नयी शुरुआत करेंगे। फ्लिंटॉफ ने नयी जिम्मेदारी मिलने के बाद कहा,'मैं इंग्लैंड लायन्स के साथ यह भूमिका निभाने के लिए अविश्वसनीय रूप से उत्साहित हूं। यह देश की कुछ बेहतरीन उभरती प्रतिभाओं के साथ काम करने और पुरुषों टीम के भविष्य को आकार देने में मदद करने का एक शानदार अवसर है।'

द हंड्रेड में अदा की नॉर्दन सुपरचार्जर्स के कोच की भूमिका

फ्लिंटॉफ को दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के आगामी दौरों के साथ-साथ भारत ए और जिम्बाब्वे के खिलाफ अगले सत्र में होने वाले मुकाबलों की जिम्मेदारी दी गयी है। पिछले साल क्रिकेट में वापसी के बाद से 46 साल के फ्लिंटॉफ टी20 विश्व कप में सहायक कोच रहे हैं। उन्होंने ‘द हंड्रेड’ में नॉर्दन सुपरचार्जर्स का मार्गदर्शन किया। वह श्रीलंका के खिलाफ मौजूदा टेस्ट के लिए इंग्लैंड के बल्लेबाजी कोच मार्कस ट्रेस्कोथिक की जगह ले रहे हैं।

ऐसा रहा है फ्लिंटॉफ का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर

इंग्लैंड के सबसे महान हरफनमौला खिलाड़ियों में शामिल फ्लिंटॉफ ने इंग्लैंड के लिए 79 टेस्ट खेले है। वह 2005 में एशेज श्रृंखला के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे हैं। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने कहा कि फ्लिंटॉफ ‘‘ बेहतरीन क्षमता वाले आवेदकों के समूह में से उत्कृष्ट उम्मीदवार थे।'

ईसीबी ने बताया फ्लिंटॉफ को सभी उम्मीदवारों में सर्वश्रेष्ठ

ईसीबी पुरुष प्रदर्शन निदेशक एड बर्नी ने कहा,'एंड्रयू (फ्लिंटॉफ) अपने प्रेरणादायक नेतृत्व, कोचिंग विशेषज्ञता और खेल की गहरी समझ के कारण सभी उम्मीदवारों में सर्वश्रेष्ठ थे।' फ्लिंटॉफ अक्टूबर में अपनी इस भूमिका को शुरू करेंगे और आगामी वर्ष तक कार्यभार संभालेंगे। ईसीबी का लायन्स कार्यक्रम युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को विकसित करने में मदद करता है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article