क्रिकेट

जानिए कौन हैं अयान खान, बने टी20 विश्व कप में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 16, 2022, 05:09 PM IST

Youngest Player in T20 World Cup History: यूएई के बांए हाथ के स्पिनर अयान अफजल खान नीदरलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप 2022 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में विश्व कप में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। इस मामले में उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Image

Aayan-Afzal-Khan

गिलॉन्ग: ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में रविवार को टी20 विश्व कप 2022 का आगाज हो गया। टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। हाल ही में एशिया कप का खिताब जीतने वाली श्रीलंकाई टीम को नामीबिया ने 55 रन से पटखनी देकर बता दिया है कि कोई भी टीम किसी भी टीम को कमजोर आंकने की गलती ना करे।

इस मुकाबले के बाद ग्रुप ए के दूसरे मुकाबले में नीदरलैंड और यूएई की बीच भिड़ंत हुई। यूएई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। अपनी प्लेइंग इलेवन का यूएई ने जैसे ही ऐलान किया। 16 साल के अयान खान के नाम मैदान में उतरते ही एक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। वो टी20 विश्व कप के इतिहास में मैच खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए।

सितंबर में बांग्लादेश के खिलाफ किया अंतरराष्ट्रीय डेब्यू

15 नवंबर 2005 को जन्में अयान खान दाहिने हाथ केऑफ स्पिन गेंदबाज और बल्लेबाज हैं हैं। टी20 विश्व कप में यूईए के लिए डेब्यू करने से पहले वो बांग्लादेश के खिलाफ यूएई में सितंबर में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू कर चुके हैं। बतौर ऑलराउंडर खेलने वाले अयान बांग्लादेश के खिलाफ खेले 2 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों में 3 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 25 रन भी बनाए थे। अपने डेब्यू मैच में उन्होंने 16 रन देकर 1 विकेट हासिल किया था। इसके बाद दूसरे मुकाबले में 33 रन देकर 2 विकेट झटके। वेस्टइंडीज के खिलाफ अभ्यास मैच में अयान ने 32 रन दिए और कोई सफलता हासिल नहीं कर सके।

तोड़ा मोहम्मद आमिर का टी20 वर्ल्ड कप रिकॉर्ड

16 साल 335 दिन की उम्र में टी20 वर्ल्ड कप डेब्यू करते ही अयान खान ने पाकिस्तान के मोहम्मद आमिर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। टी20 वर्ल्ड कप में आमिर ने 17 साल 55 दिन की उम्र में डेब्यू किया था। इस सूची में तीसरे पायदान पर अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान हैं। राशिद ने 17 साल 170 दिन की उम्र में टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच खेला था। वहीं पाकिस्तान के अहमद शहजाद 17 साल 196 दिन की उम्र के साथ इस सूची में चौथे पायदान पर हैं।

पहले मुकाबले में नहीं छोड़ पाए छाप

नीदरलैंड के खिलाफ लो स्कोरिंग मैच में अयान खान ने 3 ओवर में 15 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया। कोलिन एकरमैन को उन्होंने जुनैद खान के हाथों कैच कराया। वहीं इससे पहले बल्लेबाजी में 7 गेंद में 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article