Imran Tahir Returns In GSL 2025: खेल की दुनिया में कहा जाता है कि उम्र का नंबर मायने नहीं रखता, मायने रखता है कि आपमें दम कितना बाकी है। उम्र चाहे जो हो, अगर आप फिट हैं, सक्षम हैं और खेलने की ललक है तो मैदान पर कुछ भी मुमकिन है। ये पाकिस्तानी मूल के दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर इमरान ताहिर पर बिल्कुल फिट बैठता है। वो एक बार फिर मैदान पर लौट आए हैं, उसी अंदाज के साथ और कप्तान होने के रुतबे का साथ।
वेस्टइंडीज में कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) तो खेली जाती है, लेकिन 2024 में वहां एक और टी20 लीग का आयोजन शुरू हुआ जिसे ग्लोबल सुपर लीग (Global Super League) नाम दिया गया। इसका आयोजन वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड खुद कराता है और टूर्नामेंट में दुनिया की अलग-अलग टी20 लीग से टॉप टीमें इसमें हिस्सा लेती हैं और खिताब के लिए टकराती हैं। इस बार लीग के दूसरे सीजन में 5 टीमें हिस्सा ले रही हैं। ये टीमें हैं वेस्टइंडीज की गुयाना अमेजन वॉरियर्स, बांग्लादेश प्रीमियर लीग की रंगपुर राइडर्स टीम, इंटरनेशनल लीग टी20 की टीम दुबई कैपिटल्स (जो कि दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी की टीम है), न्यूजीलैंड की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स टीम, ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग से होबार्ट हरीकेन्स टीम भी हिस्सा ले रही हैं।
दूसरा मुकाबले में 46 साल के इमरान ताहिर का दिखा दम
ग्लोबल सुपर लीग 2025 का आगाज हुआ और दूसरे मैच में मेजबान गुयाना अमेजन वॉरियर्स की टक्कर बांग्लादेश की रंगपुर राइडर्स टीम से हुई। इस मैच में रंगपुर राइडर्स टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी 20 ओवर में 5 विकेट पर 162 रन बनाए। इस दौरान सबसे खास नजारा देखने को मिला गुयाना अमेजन वॉरियर्स के 46 वर्षीय कप्तान इमरान ताहिर का जोश और जुनून। इस उम्र में भी उनका जोश कायम है और उन्होंने 4 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट झटके। जवाब में गुयाना अमेजन वॉरियर्स की टीम 19.1 ओवर में 154 रन पर ऑल-आउट हो गई और रंगपुर राइडर्स ने ये मैच 8 रन से जीत लिया। खालेद अहमद मैच के स्टार बने जिन्होंने 36 रन देकर 4 विकेट लिए।

Instagram/ImranTahir
कौन हैं इमरान ताहिर?
वैसे तो ज्यादातर क्रिकेट फैंस इमरान ताहिर के नाम से वाकिफ होंगे। फिर भी आपको उनके बारे में खास बातें बता दें। उनका जन्म 27 मार्च 1979 को पाकिस्तान के लाहौर में हुआ था। वो एक स्पिनर हैं जो अपनी गुगली के लिए मशहूर रहे हैं। पाकिस्तान में शुरुआती दिनों में क्रिकेट खेलने के बाद वो परिवार सहित दक्षिण अफ्रीका पलायन कर गए थे और फिर दक्षिण अफ्रीकी टीम से खेलते नजर आए। दिलचस्प बात ये है कि पाकिस्तान से दक्षिण अफ्रीका आने की वजह प्यार था। जिनके प्यार में उन्होंने ये कदम उठाया, आज वो उनकी पत्नी हैं।

Instagram/ImranTahir
इमरान ताहिर के आंकड़े
इमरान ताहिर ने पहला घरेलू क्रिकेट मैच 2006 में खेला था। उसके बाद 2011 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया और 2019 में आखिरी बार वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेले। उसके बाद से पिछले 6 सालों में वो लगातार दुनिया की तमाम टी20 लीग में खेलते रहे हैं। उम्र 46 हो चुकी हैं लेकिन मैदान में उनकी फुर्ती और जोश किसी युवा खिलाड़ी जैसा ही नजर आता है। उन्होंने 20 टेस्ट मैचों में 57 विकेट लिए, 107 वनडे मैचों में 173 विकेट झटके, 38 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 63 विकेट लिए। वहीं प्रथम श्रेणी क्रिकेट में ये खिलाड़ी 784 विकेट ले चुका है, लिस्ट-ए क्रिकेट में 369 विकेट और टी20 क्रिकेट में अब तक 535 विकेट हासिल कर चुका है।
