स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय बॉक्सर अंकुश पंघाल ने रविवार को आइची-नागोया 2026 एशियन गेम्स में मेंस के 80 किग्रा बॉक्सिंग इवेंट के क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान के नेक्रुज सलीमोव को हराकर देश के लिए एक मेडल पक्का कर लिया। अंकुश ने क्वार्टर फाइनल में नेक्रुज़ को सर्वसम्मत फैसले (unanimous decision) से 5-0 से हराया।
बॉक्सर अंकुश ने सेमीफाइनल में बनाई जगह। फाइल फोटो
ताजिकिस्तान बॉक्सर के खिलाफ अंकुश की स्पीड और पंचिंग का लेवल बहुत ऊंचा था। पहले राउंड में नेक्रुज काउंटर-पंच और डिफेंस की कोशिश कर रहे थे, जबकि अंकुश अपने पंच, खासकर राइट हुक के साथ काफी आक्रामक थे। भारतीय बॉक्सर ने पहला राउंड 5-0 से जीता। अंकुश का सामना 29 सितंबर को सेमीफाइनल में मौजूदा 75 किग्रा वर्ल्ड चैंपियन, उज्बेकिस्तान के फजलिद्दीन एर्किनबोएव से होगा।
दूसरे राउंड में रहा रोमांचक खेल
दूसरे राउंड में भी अंकुश ने शानदार लेफ्ट हुक के साथ शुरुआत की और बहुत तेज रहे, जिससे नेक्रुज के शरीर पर कुछ अतिरिक्त प्रहार हुए। ताजिक बॉक्सर ने एक जबरदस्त अपरकट लगाया, लेकिन उन्हें कुछ मजबूत काउंटर-पंच का सामना करना पड़ा। अंकुश पूरे समय आक्रामक रहे और दूसरा राउंड भी 5-0 से जीता।
आखिरी राउंड में ताजिक बॉक्सर को संघर्ष करना पड़ा और आखिरी पलों में वह हताश हो गए। इसके बाद ज़बरदस्त मुकाबला हुआ और उन्होंने अंकुश को नॉकआउट करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय बॉक्सर ने अपना बचाव अच्छी तरह से किया। सलीमोव ने राउंड 4-1 से जीता, लेकिन अंकुश ने पहले दो राउंड में अपने दबदबे के दम पर सर्वसम्मत फैसले से मुकाबला 5-0 से जीत लिया।
अन्य खेलों में भारत का हाल
इस बीच, टीम इंडिया का दूसरे खेलों में मिला-जुला प्रदर्शन रहा है। फेंसिंग में, भवानी देवी, श्रेया गुप्ता, जेफरलिन जानी रेक्सलिन सिमला और एस. श्रुति जोशी की भारतीय महिला सेबर टीम क्वार्टर फाइनल में उज़्बेकिस्तान से 45-35 से हार गई, जिससे एशियाई खेलों में भारत की फेंसिंग चुनौती खत्म हो गई।
भारतीय एथलीट मुरली श्रीशंकर और डेविड पट्टुराज सोलोमन मेंस की लॉन्ग जंप के फाइनल में पहुंच गए। श्रीशंकर ने ग्रुप B में 7.84 मीटर के बेस्ट प्रयास के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि डेविड सोलोमन ने ग्रुप A में 7.62 मीटर की बेस्ट जंप के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
इसके अलावा, भारतीय एथलीटों ने महिलाओं की 400 मीटर हर्डल्स हीट्स से अच्छी खबर दी, जिसमें विथ्या रामराज और अनु राघवन दोनों ने इवेंट के फाइनल में जगह बनाई। वे दोनों अपनी-अपनी हीट्स में दूसरे स्थान पर रहीं। जहां विथ्या ने 55.73 का सीजन-बेस्ट समय निकाला। वहीं, अनु ने 55.84 मीटर का अपना पर्सनल बेस्ट प्रदर्शन किया।
