कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के भारतीय दल से बातचीत करेंगे पीएम मोदी, खिलाड़ियों के साथ-साथ कोच भी होंगे शामिल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 18, 2022, 08:38 PM IST

Indian contingent for Commonwealth Games 2022: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के भारतीय दल से 20 जुलाई को बातचीत करेंगे। संवाद में खिलाड़ियों के साथ-साथ कोच भी शामिल होंगे।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के भारतीय दल से बातचीत करेंगे पीएम मोदी, खिलाड़ियों के साथ-साथ कोच भी होंगे शामिल

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार यानी 20 जुलाई को राष्ट्रमंडल खेल (सीडब्ल्यूजी) 2022 में भाग लेने जा रहे भारतीय दल के साथ संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से होने वाले इस संवाद में एथलीटों के साथ-साथ उनके कोच भी शामिल होंगे। पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह बातचीत प्रमुख खेल आयोजनों में भाग लेने से पहले एथलीटों को प्रेरित करने के उनके निरंतर प्रयास का एक हिस्सा है। 

पिछले साल, प्रधानमंत्री ने तोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले भारतीय एथलीटों के दल के साथ-साथ टोक्यो 2020 पैरालंपिक खेलों में भाग लेने वाले भारतीय पैरा-एथलीटों के दल के साथ भी बातचीत की थी।  यहां तक की खेल प्रतियोगिताओं के दौरान भी प्रधानमंत्री ने एथलीटों की प्रगति में गहरी दिलचस्पी ली।  

पीएमओ ने कहा, ‘‘कई मौकों पर तो उन्होंने एथलीटों को व्यक्तिगत रूप से फोन कर उनकी सफलता एवं ईमानदार प्रयासों के लिए बधाई दी और उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा, भारतीय दल के देश लौटने के बाद भी प्रधानमंत्री ने उनके साथ मुलाकात और बातचीत की।’’

राष्ट्रमंडल खेल 2022 बर्मिंघम में 28 जुलाई से लेकर 8 अगस्त तक आयोजित किये जाएंगे। इस आयोजन में कुल 215 एथलीट 19 खेलों की 141 स्पर्धाओं में भाग लेकर राष्ट्रमंडल खेल में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

End of Article