Holi 2023 Vastu Tips and Upay: पंचांग के अनुसार हर साल फाल्गुन माह के शुक्लपक्ष की चतुर्दशी तिथि के दिन होलिका दहन और इसके दूसरे दिन पूर्णिमा तिथि को रंगोत्सव मनाया जाता है। इस साल होली का पावन पर्व 08 मार्च 2023 को मनाया जाएगा। होली के अवसर पर लोग एक-दूसरे के साथ रंग-गुलाल खेलते हैं और बधाई देते हैं। होली के कई दिन पहले से ही लोग इसकी तैयारियों में जुट जाते हैं। सभी अपने घर पर तरह-तरह के पकवान बनाते हैं और साफ-सफाई भी करते हैं। वास्तु शास्त्र में घर की सुख-समृद्धि और सकारात्मकता के लिए कई उपायों के बारे में भी बताया गया है। वास्तु शास्त्र में कुछ ऐसी चीजों के बारे में बताया गया है, जिसे होली से पहले घर से हटा देना चाहिए, क्योंकि घर पर मौजूद ये चीजें नकारात्मकता और कई परेशानियों का कारण भी बनती हैं। जानते हैं होली से पूर्व साफ-सफाई के दौरान किन चीजों को घर से हटा देना चाहिए।
सुख-समृद्धि के लिए होली से पहले हटा दें घर की ये चीजें
इस दिशा की करें सफाई
वैसे तो होली से पहले पूरे घर की साफ-सफाई की जाती है। लेकिन खासकर उत्तर-पूर्व दिशा की अच्छे से सफाई करें। ध्यान रखें कि इस दिशा में किसी तरह की गंदनी न हो। यदि आप होली से पूर्व ऐसा करेंगे तो इससे घर की सारी नकारात्मक ऊर्जाएं दूर हो जाएगी। मान्यता है कि इस दिशा के स्वच्छ होने से त्योहार के शुभ मौके पर घर पर देवी-देवता का आगमन होता है।
घर से निकाल दें ये चीजें
होलिका दहन के दिन से ही होली पर्व की शुरुआत मानी जाती है। इसलिए होलिका दहन से पहले ही घर पर मौजूद कबाड़ की चीजें, टूटा-फूटा सामान और अनावश्यक चीजें जैसे कि, पुराने इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, बंद पड़ी या टूटी घड़ी, टूटे-फूटे बर्तन, टूटे फर्नीचर आदि को बाहर निकाल फेंके। ऐसा कोई भी बेकार सामान घर पर न रखें, जिसका इस्तेमाल न किया जाता हो।
पुराने कपड़े पहनकर न खेलें होली
होली के दिन कई लोग फटे-पुराने कपड़े पहनकर होली खेलते हैं, क्योंकि उन्हें ऐसा लगता है कि कपड़े रंग से बर्बाद हो जाएंगे। लेकिन ऐसा बिल्कुल न करें। फटे-पुराने कपड़ों को दुर्भाग्य का प्रतीक माना जाता है। इसलिए होली खेलने के लिए भले ही आप नए कपड़े न पहनें लेकिन कटे-फटे कपड़ों को भी पहनने से बचना चाहिए। बल्कि होली से पहले साफ-सफाई के दौरान कटे-फटे या पुराने कपड़ों को घर से बाहर निकाल देना चाहिए।
पुराने रंगों को दिखाएं बाहर का रास्ता
बहुत से लोग पिछले साल के बचे हुए रंगों से ही होली खेल लेते हैं। लेकिन ऐसा नहीं करना चाहिए। बल्कि होली से पहले पुराने रंग को बाहर निकाल देना चाहिए। पुराने रंगों से खेलना न सिर्फ वास्तु के अनुसार गलत माना जाता है, बल्कि यह त्वचा के लिए भी हानिकारक होते हैं।
(डिस्क्लेमर: यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।)
