Lohri 2024 Date And Time (लोहड़ी की तारीख और मुहूर्त 2024): उत्तर भारत में लोहड़ी का त्योहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। अमूमन ये त्योहार मकर संक्रांति से एक दिन पहले पड़ता है। इस पर्व की खास रौनक पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली में देखने को मिलती है। इस साल लोहड़ी कहीं 13 को तो कहीं 14 जनवरी को मनाई जाएगी। लोहड़ी के दिन शाम में अग्नि जलाई जाती है और उसमें गुड़, तिल और गजक की आहुति दी जाती है। जानिए इस साल लोहड़ी जलाने का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा।
लोहड़ी जलाने का मुहूर्त 2024 (Lohri Muhurat 2024)
लोहड़ी का पर्व कुछ लोग 13 तारीख को तो कुछ 14 जनवरी को मनाएंगे। लोहड़ी शाम में जलाई जाती है। ऐसे में इस साल लोहड़ी जलाने का शुभ मुहूर्त शाम 05 बजकर 34 मिनट से लेकर रात 08 बजकर 12 मिनट तक रहेगा। मकर संक्राति क्षण 15 जनवरी को 02:54 AM का है।
लोहड़ी के रीति-रिवाज (Lohri Rituals)
- इस दिन बच्चे घर-घर जाकर लोक गीत गाते हैं और लोग उन्हें मिष्ठान और पैसे देते हैं।
- लोहड़ी पर घर आए बच्चों को खाली हाथ नहीं लौटाया जाता है इसलिए उन्हें इस दिन चीनी, गजक, गुड़, मूंगफली और मक्का आदि भी दिया जाता है इसे ही लोहड़ी देना कहा जाता है।
- लोहड़ी के दिन शाम में लोग आग जलाते हैं और उस अग्नि में चीनी, गजक, गुड़, मूंगफली, मक्का आदि चीजें डाली जाती हैं।
- लोग लोहड़ी की अग्नि के पास ही नाच-गाकर इस त्योहार का जश्न मनाते हैं।
- फिर रात में सरसों का साग और मक्के की रोटी खाई जाती है।
- पंजाब के कुछ भागों में इस दिन पतंगें भी उड़ाने का प्रचलन है।
लोहड़ी पर्व का मुख्य उद्देश्य
लोहड़ी पर्व को हिन्दू कैलेंडर विक्रम संवत् और मकर संक्रांति से जोड़ा जाता है। ये त्योहार विशेष रूप से शरद ऋतु के समापन पर मनाया जाता। साथ ही लोहड़ी का पर्व किसानों के लिए आर्थिक रूप से नूतन वर्ष माना जाता है। किसान वर्ग इस त्योहार पर अपने ईश्वर का आभार प्रकट करते हैं ताकि फसल का अधिक मात्रा में उत्पादन हो सके।
