Karwa Chauth 2022 Sargi Timing: पंचांग अनुसार प्रत्येक वर्ष कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को करवा चौथ व्रत रखा जाता है। इस साल ये व्रत 13 अक्टूबर को रखा जाएगा। सुहागिन महिलाएं इस दिन अपने पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखती हैं और शाम के समय शुभ मुहूर्त में पूजा करती हैं। फिर रात में चांद को अर्घ्य देकर इस व्रत का पारण करती हैं। मान्यता है इस व्रत को करने से सुहागिन महिलाओं को अखंड सौभाग्यवती होने का वरदान मिलता है। इस व्रत की शुरुआत महिलाएं सुबह-सुबह सरगी खाकर करती हैं। जानिए करवा चौथ पर सरगी खाने का मुहूर्त।
करवा चौथ पर सरगी खाने का शुभ मुहूर्त (Karwa Chauth 2022 Sargi Muhurat):
ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार करवा चौथ के दिन प्रातः सूर्योदय से पहले सरगी ग्रहण कर लेना चाहिए। 13 अक्टूबर को सरगी खाने का मुहू्र्त सुबह 4 बजकर 46 मिनट से लेकर सुबह 5 बजकर 36 मिनट तक रहेगा।
क्या होती है सरगी? सरगी एक प्रकार की थाली होती है जिसमें खाने की कुछ विशेष चीजें रखी जाती हैं। सरगी सास अपनी बहू को देती है। सरगी की थाली में खाने के अलावा 16 श्रृंगार की समाग्री, ड्रायफ्रूट्स, फल और मिष्ठान भी होते हैं। सरगी में रखे गए भोजन को ग्रहण करके ही महिला दिनभर निर्जला उपवास करती है। सास न होने पर सरगी जेठानी या बहन भी सकती है।
सरगी खाने की विधि: सरगी ग्रहण करने के लिए सुबह-सुबह सूर्योदय से पहले ही उठ जाएं। फिर स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण कर लें। फिर सास का आशीर्वाद लें और उनके द्वारा दी गई सरगी ग्रहण करें। ध्यान रखें कि सरगी में सिर्फ सात्विक चीजें ही खाएं। सरगी की थाली में मिष्ठान्न, फल, दूध, दही जैसी सात्विक चीजें रखी जाती हैं।
