Paudhon ke Vastu Tips: घर की बालकनी में नया पौधा लगाना हो या आंगन में तुलसी, मनी प्लांट या कोई फलदार पौधा… कई लोग दिन और समय देखकर ही पौधे लगाना पसंद करते हैं। खासतौर पर गुरुवार को लेकर अक्सर यह सवाल सुनने को मिलता है कि क्या इस दिन पौधे लगाना शुभ नहीं माना जाता। कुछ लोग इसे बृहस्पति ग्रह से जोड़ते हैं, तो कुछ इसे सिर्फ मान्यता कहते हैं। यहां जानें कि क्या गुरुवार को पौधे नहीं लगाने चाहिए। गुरुवार को पौधे लगाने के नियम क्या हैं।
गुरुवार और बृहस्पति ग्रह का संबंध
हिंदू परंपरा में गुरुवार का दिन देवगुरु बृहस्पति को समर्पित माना जाता है। बृहस्पति को ज्ञान, समृद्धि, परिवार और शुभता का कारक ग्रह कहा जाता है। इसी वजह से इस दिन कई लोग पीले वस्त्र पहनते हैं, केले के पेड़ की पूजा करते हैं और कुछ विशेष नियमों का पालन करते हैं।
मान्यता यह भी है कि गुरुवार के दिन घर में बड़े बदलाव, कटाई-छंटाई या मिट्टी खोदने जैसे कामों से बचना चाहिए। इसी सोच के कारण कुछ लोग इस दिन पौधे लगाने या पुराने पौधों की छंटाई करने से भी परहेज करते हैं। हालांकि यह कोई वैज्ञानिक नियम नहीं बल्कि पारंपरिक मान्यता है।
क्या गुरुवार को पौधे लगाना अशुभ होता है
असल में गुरुवार को पौधे लगाने को लेकर कोई ठोस धार्मिक उल्लेख नहीं मिलता है। कई ज्योतिष उपायों और वास्तु मान्यताओं में सिर्फ इतना बताया गया है कि इस दिन पौधों को नुकसान पहुंचाने वाले काम जैसे पेड़ काटना, सूखी शाखाएं तोड़ना या पौधों को उखाड़ना आदि से बचना चाहिए।
वहीं दूसरी ओर कुछ लोग गुरुवार के दिन तुलसी, केले या सुगंधित पौधे लगाने को शुभ भी मानते हैं। खासतौर पर अगर पौधा किसी सकारात्मक उद्देश्य से लगाया जा रहा हो, जैसे घर में हरियाली बढ़ाने, पूजा के लिए या पर्यावरण संरक्षण के लिए - तो इसे अच्छा ही माना जाता है।
पौधे लगाने को लेकर वास्तु में क्या कहा गया है
वास्तु शास्त्र में पौधे लगाने का संबंध दिशा और पौधे के प्रकार से ज्यादा माना गया है। इसे लेकर दिन का कोई खास उल्लेख नहीं मिलता। जैसे तुलसी को उत्तर-पूर्व दिशा में शुभ माना जाता है, वहीं कांटेदार पौधों को मुख्य द्वार के पास लगाने से बचने की सलाह दी जाती है।
गुरुवार को पौधे लगाने को लेकर वास्तु में कोई सख्त मनाही नहीं है। हां, कुछ लोग मानते हैं कि इस दिन पीले फूलों वाले पौधे या धार्मिक महत्व वाले पौधे लगाना अधिक शुभ हो सकता है।
प्रकृति के हिसाब से कौन सा दिन सही
अगर धार्मिक मान्यताओं से हटकर देखा जाए, तो पौधे लगाने के लिए सबसे जरूरी चीज मौसम, मिट्टी और देखभाल है। जिस दिन मौसम थोड़ा ठंडा हो, मिट्टी में नमी हो और पौधे को सही पानी मिल सके, वही दिन पौधा लगाने के लिए अच्छा माना जाएगा।
वहीं माली और गार्डनिंग एक्सपर्ट्स मानते है कि पौधों को दिन नहीं, बल्कि नियमित देखभाल चाहिए होती है। अगर आप गुरुवार को पौधा लगाकर उसकी सही तरीके से देखभाल करते हैं, तो वह उतना ही अच्छा बढ़ेगा जितना किसी और दिन लगाया गया पौधा।
मान्यता और प्रकृति के बीच संतुलन जरूरी
भारतीय घरों में मान्यताओं का अपना महत्व है और लोग उन्हें सम्मान के साथ निभाते भी हैं। अगर आपके परिवार में गुरुवार को पौधे न लगाने की परंपरा है, तो उसका सम्मान किया जा सकता है। लेकिन इसे डर या अशुभता से जोड़ना जरूरी नहीं है।
आखिरकार पौधे लगाना अपने आप में एक सकारात्मक काम है। यह घर में हरियाली, ताजगी और सकारात्मक ऊर्जा लाते हैं। इसलिए अगर मन साफ हो और उद्देश्य अच्छा हो, तो किसी भी दिन लगाया गया पौधा शुभ ही माना जाएगा।
