इस धरती पर जमीन और आसमान से ज्यादा अजीबोगरीब जानवर समुद्र में रहते हैं। इन्हीं अजीबोंगरीब समुद्री जानवरों में एक जानवर ऐसा भी है, जो सोते वक्त अपने पार्टनर का हाथ थामकर सोता है और जब तक यह जानवर नींद में रहता है, तब तक ये एक-दूसरे का हाथ नहीं छोड़ते। आइए जानते हैं कि आखिर यह कौन सा जानवर है और आखिर क्यों ये एक-दूसरे का हाथ पकड़कर सोते हैं?
हम जिस समुद्री जानवर की बात कर रहे हैं, उसका नाम समुद्री ऊदबिलाव (Sea Otters) है। ये जानवर दिखने में जितने अजीबोगरीब होते हैं, उतने ही ये प्यारे भी होते हैं। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि ये प्यारे से जानवर अक्सर पानी में तैरते हुए एक-दूसरे का हाथ पकड़कर सोते नजर आते हैं। इस तरह सोते हुए उनका यह नजारा देखने में जितना खूबसूरत लगता है, इसके पीछे की वजह भी उतनी ही दिलचस्प है।
समुद्री ऊदबिलाव (Sea Otters) दुनिया के सबसे प्यारे समुद्री जीवों में गिने जाते हैं। इनका घर समुद्र होता है और ये अपना ज्यादातर समय पानी में ही बिताते हैं लेकिन जब सोने की बात आती है, तब वे पानी में तैरते हुए ही सोते रहते हैं। ऐसे में वे इस खास तरीके को अपनाते हैं। मगर वे ऐसा क्यों करते हैं, उसकी वजह अगर आपको पता चलेगा तो आप दंग रह जाएंगे।
दरअसल, समुद्र का पानी हमेशा एक जैसा नहीं रहता। लहरें और समुद्री धाराएं लगातार बहती रहती हैं। अगर समुद्री ऊदबिलाव (Sea Otters) सोते समय एक-दूसरे का हाथ ना पकड़ें तो वे बहते-बहते अपने परिवार या साथी से काफी दूर पहुंच सकते हैं। इसी वजह से ये जानवर सोते समय एक-दूसरे का हाथ पकड़ लेते हैं। इससे वे साथ बने रहते हैं और समुद्र की तेज धाराएं उन्हें अलग नहीं कर पातीं।
कई बार समुद्री ऊदबिलाव (Sea Otters) सिर्फ एक-दूसरे का हाथ ही नहीं पकड़ते, बल्कि समुद्र में उगने वाली बड़ी-बड़ी समुद्री घास (Kelp) में भी खुद को लपेट लेते हैं। इससे वे एक जगह पर ही टिके रहते हैं और उनके बहने का खतरा काफी कम हो जाता है। अगर कोई साथी पास नहीं हो, तो समुद्री घास ही उनका सहारा बन जाती है।
जब किसी समुद्री ऊदबिलाव (Sea Otter) के साथ उसका छोटा बच्चा होता है, तब मां उसे अपने सीने से लगाकर या हाथ पकड़कर सोती है। ऐसा करने से बच्चा सुरक्षित रहता है और समुद्र की लहरों में दूर नहीं बहता। सोशल मीडिया या फिर किसी टीवी चैनल पर हम अक्सर समुद्री ऊदबिलावों को एक-दूसरे का हाथ पकड़कर सोते देखते हैं। उनकी मासूम हरकतें और एक-दूसरे का साथ निभाने का अंदाज लोगों का दिल जीत लेता है।
कई लोग सोचते हैं कि समुद्री ऊदबिलाव (Sea Otter) सिर्फ प्यार जताने के लिए हाथ पकड़ते हैं। हालांकि इसमें अपनापन जरूर होता है, लेकिन इसकी सबसे बड़ी वजह सुरक्षा है। हाथ पकड़ने से वे अपने समूह के साथ जुड़े रहते हैं। इससे उन्हें खतरे का जल्दी पता चलता है और वे एक-दूसरे की मदद भी कर सकते हैं।