मक्खी, एक ऐसा जीव है जो हमारे आसपास हर जगह दिखाई देता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि छोटी सी दिखने वाली यह जीव कितने दिनों तक जिंदा रहती है? शायद ही आपको यह बात पता हो। आज हम आपको इसी बारे में बताने जा रहे हैं कि आखिर एक मक्खी कितने दिनों तक जीवित रहती है।
बता दें कि आमतौर पर दिखने वाली इन घरेलू मक्खियों की औसत आयु लगभग 15 से 30 दिन तक की होती है। हालांकि, उनके जीवन का यह समय कई कारकों पर निर्भर करता है, जैसे पर्यावरण, भोजन का मिलना, तापमान, शिकार, और कीटनाशक दवाइयों की मार से बचाव।
अगर सबकुछ उनके अनुकूल रहा तो वे 30 दिन से भी थोड़ी ज्यादा दिन तक जी सकती हैं। लेकिन ज्यादातर मक्खियों का जीवनकाल एक महीने से भी कम का होता है। मक्खी के जीवन की शुरुआत एक छोटे से अंडे से होती है जिसे मादा मक्खी गंदगी, कचरे या सड़ते हुए अनाजों पर देती है।
एक मादा मक्खी अपने जीवनकाल में 500 से अधिक अंडे दे सकती है। ये अंडे 8 से 24 घंटे में तैयार होकर फूट जाते हैं। अंडे से निकलने के बाद मक्खी लार्वा या मैगट बनते हैं। उनका यह जीवन भी 3 से 10 दिन तक चलता है। इसके बाद मक्खी प्यूपा में बदल जाती है। यहां भी वह 3 से 6 दिन तक जीवित रहती है।
प्यूपा से निकलने के बाद ही मक्खी अपने वयस्क रूप में आती है और अगले 15-30 दिनों तक जीवित रहती है। इस दौरान वह खाने की तलाश करती है, प्रजनन करती है, और अपने जीवन चक्र को आगे बढ़ाने के लिए अंडे देती है। मक्खियों की उम्र ज्यादातर तापमान पर ही निर्भर करती है।
जैसे गर्मी के मौसम में मक्खियों की आबादी खूब बढ़ जाती है। इस मौसम में उनका जीवन चक्र तेजी से पूरा होता है। वहीं ठंडियों के मौसम में उनकी उम्र थोड़ी बढ़ सकती है। मक्खियां चीनी, प्रोटीन और सड़ते हुए अनाज खाती हैं। जब उन्हें उनका भोजन नहीं मिलता तो यह भी उनकी मौत का एक कारण बनता है।
मक्खियों का शिकार सबसे ज्यादा मकड़ी और छिपकली करती हैं। मक्खियों की अलग-अलग प्रजातियों की उम्र में अंतर हो सकता है। मक्खियों की आंखें 360 डिग्री तक देख सकती हैं। उनकी ये विशेषता उन्हें शिकार होने से बचाती है।