टीम इंडिया ने 28 सितंबर की रात दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टी20 एशिया कप 2025 फाइनल में बड़ी मात देते हुए खिताब अपने नाम कर लिया था। लेकिन दुर्भाग्यवश टीम इंडिया को ट्रॉफी नहीं सौंपी गई और पाकिस्तानी मंत्री व एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ट्रॉफी लेकर भाग गए। अब इस समय सभी फैंस ये जानना चाहते हैं कि आखिर वो ट्रॉफी और भारतीय खिलाडियों के विनर मेडल कहां है, यहां आपको बताते हैं सब कुछ।
टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच दुबई के मैदान पर एशिया कप 2025 का टी20 फाइनल खेला गया, जो कि 41 सालों में पहली बार इन दोनों टीमों की इस टूर्नामेंट के खिताबी मैच में भिड़ंत थी।
भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर अपना दम दिखाया और सितंबर के महीने में आयोजित हुए एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में तीन बार पाकिस्तान को हराने का कमाल किया। पहले ग्रुप स्टेज में, फिर सुपर-4 राउंड में, और अंत में फाइनल मैच में विजय हासिल करके जीत की हैट्रिक लगाई।
फाइनल जीतने के बाद जब ट्रॉफी उठाने की बारी आई और अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन हो रहा था, उससे पहले ही भारतीय टीम ने साफ कर दिया था कि वो एसीसी प्रमुख मोहसिन नकवी, जो कि पाकिस्तान में मंत्री भी हैं, उनसे ट्रॉफी नहीं लेंगे। नकवी भी अड़ गए कि मैं ही ट्रॉफी दूंगा और कोई नहीं। कार्यक्रम में देरी भी हुई, कुछ व्यक्तिगत पुरस्कार दिए गए, पाकिस्तानी खिलाड़ियों को रनर-अप मेडल भी दिए गए लेकिन ट्रॉफी देने की बारी आई तो सबकी नजरों के सामने से ट्रॉफी गायब कर दी गई और कहा गया कि प्रेजेंटेशन सेरेमनी समाप्त हो चुकी है।
टीम इंडिया के खिलाड़ी मोहसिन नकवी की इस शर्मनाक हरकत से हैरान थे क्योंकि ट्रॉफी मंच पर मौजूद किसी भी अन्य प्रतिनिधि से दिलाई जा सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। खैर, फिर भारतीय टीम ने बिना ट्रॉफी और मेडल के ही जश्न मनाया।
इसके कुछ दिन बाद दुबई में एक बैठक हुई जिसमें राजीव शुक्ला सहित बीसीसीआई के कुछ प्रतिनिधि मौजूद थे। उन्होंने मोहसिन नकवी को फटकार लगाई और उनकी हरकत पर सवाल-जवाब किए। पहले तो खबर आई कि नकवी ने अपनी हरकत के लिए माफी मांगी लेकिन बाद में उन्होंने खुद इस बात को खारिज कर दिया। जहां तक ट्रॉफी की बात है तो नकवी ने कहा कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव खुद आकर ट्रॉफी और मेडल ले जाएं, जिस पर बीसीसीआई अधिकारी भड़क उठे और बैठक बेनतीजा ही रही।
एक तरफ मोहसिन नकवी ने एशिया कप ट्रॉफी के साथ भागने जैसी शर्मनाक हरकत की, ऊपर से अब पाकिस्तान में उनकी इस हरकत के लिए उन्हें सम्मानित करने की तैयारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक नकवी को शहीद जुल्फिकर अली भुट्टो एक्सीलेंस गोल्ड मेडल देकर उनका रुतबा बढ़ाने व शाबाशी देने की तैयारी है।
इस समय एशिया कप की ट्रॉफी और विजेता भारतीय टीम के खिलाड़ियों के मेडल भी दुबई में स्थित आईसीसी क्रिकेट अकादमी में रखे हुए हैं। नकवी का कहना है कि ट्रॉफी यहीं रहेगी और अगर टीम इंडिया को ये चाहिए तो वो खुद आकर इसे ले जाएं।