रेलवे स्टेशन वो भी ऐसा, जिसमें एंट्री और एग्जिट गेट नहीं हैं। इस स्टेशन में न तो बाहर से यात्री आ सकते हैं और न ही स्टेशन से बाहर जा सकते हैं। फिर यात्री इस स्टेशन पर ट्रेन से उतरते और चढ़ते भी हैं। बड़ा कंफ्यूजन है भईया...
प्रश्न तो जायज है! क्या सच में ऐसा स्टेशन है भी, जहां न तो एंट्री और न ही एग्जिट गेट है। प्रश्न का उत्तर ये है कि ऐसा स्टेशन है, लेकिन भारत में नहीं है।
बिना-एंट्री और एग्जिट वाला यह रेलवे स्टेशन जापान में है, जो दक्षिणी जापान में निशिकिगावा शिरयू लाइन (Nishikigawa Seiryu line) पर मौजूद है।
जापान में मौजूद इस अनोखे रेलवे स्टेशन का नाम शिरयू-मिहार्शी स्टेशन (Seiryu-Miharashi station) है। इस रेलवे स्टेशन पर सिर्फ एक ही प्लेटफॉर्म है।
इस स्टेशन में बाहर से कोई भी यात्री आ नहीं सकता और ट्रेन से उतरने वाला यात्री बाहर नहीं जा सकता। यात्री यहां उतरते हैं और कुछ देर स्टेशन के इकलौते प्लेटफॉर्म पर रुककर ट्रेन में वापस चढ़कर आगे निकल जाते हैं।
शिरयू-मिहार्शी स्टेशन नाम का यह स्टेशन यहां बहने वाली निशिकी नदी के ऊपर बना है। स्टेशन के इकलौते प्लेटफॉर्म से नदी और उसके पीछे जंगल का शानदार व्यू देखने को मिलता है। यात्री यहां 10 मिनट रुककर प्रकृति की सुदरता को निहार सकते हैं।