गर्मी बढ़ते ही खानपान में बदलाव करना बहुत जरूरी हो जाता है। इस मौसम में ऐसा खाना शरीर को ज्यादा सूट करता है जो हल्का हो, जल्दी पच जाए और शरीर को अंदर से ठंडा रखने में मदद करे। भारतीय घरों में ज्यादातर गेहूं, चावल, बाजरा, जौ और मक्का जैसे अनाज खाए जाते हैं। लेकिन हर मौसम में हर अनाज शरीर के लिए एक जैसा काम नहीं करता। कुछ अनाज सर्दियों में ज्यादा फायदेमंद होते हैं, जबकि कुछ गर्मियों में शरीर को राहत देते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, गर्मियों में सही अनाज चुनने से पेट हल्का रहता है, थकान कम होती है और शरीर में पानी की कमी भी जल्दी नहीं होती। आइए जानते हैं कि आम भारतीय अनाजों में से कौन सा गर्मी के मौसम के लिए ज्यादा अच्छा माना जाता है।
भारतीय घरों में सबसे ज्यादा गेहूं की रोटी खाई जाती है। इसमें फाइबर अच्छी मात्रा में होता है और यह पेट को लंबे समय तक भरा रखती है। लेकिन गर्मियों में ज्यादा सूखी और भारी रोटी कुछ लोगों को भारीपन या गैस की परेशानी दे सकती है। इसलिए एक्सपर्ट्स गर्मी में हल्की और कम घी वाली रोटी खाने की सलाह देते हैं।
एक्सपर्ट्स की राय में जौ शरीर को ठंडक देने वाला अनाज माना जाता है। यही वजह है कि गर्मी में जौ का सत्तू और जौ का पानी काफी पिया जाता है। यह शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है और पेट को भी हल्का रखता है।
बाजरा और मक्का पोषण से भरपूर अनाज हैं, लेकिन इनकी तासीर थोड़ी गर्म मानी जाती है। इसलिए डॉक्टर गर्मियों में इन्हें सीमित मात्रा में खाने की सलाह देते हैं। खासकर बहुत ज्यादा गर्मी और लू के मौसम में इनका ज्यादा सेवन शरीर में गर्मी बढ़ा सकता है।
हेल्थ एक्सपर्ट्स बताते हैं कि साधारण चावल जल्दी पच जाता है और शरीर को तुरंत एनर्जी देने का काम करता है। दाल, दही या सब्जियों के साथ खाया गया चावल गर्मियों में हल्का और आरामदायक भोजन माना जाता है। यही कारण है कि कई लोग गर्मियों में दिन के समय चावल खाना पसंद करते हैं।
एक्सपर्ट्स की मानें तो गर्मियों में चावल और रोटी दोनों ही अच्छे हैं, लेकिन यह आपकी बॉडी और जरूरत पर निर्भर करता है। अगर शरीर में ज्यादा गर्मी महसूस होती है, पाचन कमजोर रहता है या जल्दी थकान होती है तो सीमित मात्रा में चावल बेहतर माना जाता है। वहीं जिन लोगों को लंबे समय तक पेट भरा रखना हो या ब्लड शुगर कंट्रोल करना हो, उनके लिए रोटी अच्छा विकल्प हो सकती है। सबसे जरूरी बात यह है कि गर्मी में खाना हल्का, संतुलित और आसानी से पचने वाला होना चाहिए।
प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।