इंडियन टीम में एक से बढ़कर एक खिलाड़ी हैं, जिन्होंने एक नहीं बल्कि कई बार अपने पराक्रम का लोहा मनवाया है। हाल ही में एशिया कप 2025 में भारत ने पाकिस्तान को हराकर शानदार जीत दर्ज की तो इन खिलाड़ियों की भी चर्चा होने लगी। ऐसे में चलिये बात करते हैं इंडियन टीम के कुछ खिलाड़ियों की पढ़ाई-लिखाई के बारे में...
सबसे पहले बात करते हैं टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव की। जिनकी कप्तानी में टीम एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में जीती और टीम ने एशिया कप का 9वां खिताब अपने नाम किया। यादव ने अपनी शुरुआती पढ़ाई मुंबई के एटॉमिक एनर्जी सेंट्रल स्कूल से की है। इसके बाद उन्होंने पिल्लई कॉलेज ऑफ आर्ट्स, साइंस एंड कॉमर्स से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की।
गिल की स्कूलिंग मोहाली के मानव मंगल स्मार्ट स्कूल से पूरी हुई है। उन्होंने कॉलेज की पढ़ाई नहीं की बल्कि क्रिकेट के प्रति उनके समर्पण ने उन्हें सीधे मैदान में ला दिया। क्रिकेट के प्रति हमेशा से ही उनका समर्पण काफी शानदार रहा और इसी समर्पण की बदौलत उन्हें सफलता भी मिली।
अभिषेक शर्मा ने दिल्ली पब्लिक स्कूल, अमृतसर से अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की। उन्होंने 12वीं तक ही पढ़ाई की और इसके बाद वे क्रिकेट में आ गए।
संजू सैमसन की पढ़ाई दिल्ली के रोजरी सीनियर सेंकेंडरी स्कूल और केरल के सेंट जोसेफ हायर सेकेंडरी स्कूल से हुई है। इसके बाद उन्होंने अंग्रेजी साहित्य की पढ़ाई तिरुवनंतपुरम के मार इवानियोस कॉलेज से की।
वरुण चक्रवर्ती की शुरुआती पढ़ाई चेन्नई के केंद्रीय विद्यालय सीएलआरआई और सेंट पैट्रिक एंग्लो इंडियन हायर सेकेंडरी स्कूल से हुई। आर्किटेक्ट बनने के उनके सपने के चलते उन्होंने एसआरएम यूनिवर्सिटी तमिलनाडु में दाखिला लिया और फिर वहां से आर्किटेक्चर में डिग्री ली।
हार्दिक पांड्या बहुत ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं हैं। हार्दिक ने एमके हाई स्कूल से नौवीं तक की पढ़ाई की है। इसके बाद क्रिकेटर बनने की चाह में उन्होंने बीच में ही अपनी पढ़ाई छोड़ दी। हार्दिक टीम इंडिया के ऑलराउंडर हैं और उन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर्स में से एक में गिना जाता है।