भारतीय रेलवे ने महाराष्ट्र के यात्रियों के लिए खुशखबरी दी है। रेलवे के मुताबिक, पुणे-नासिक रेलवे परियोजना के लिए नया मार्ग पुनः निर्धारित करने की योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है और महाराष्ट्र सरकार की मंजूरी मिलते ही इसका काम शुरू कर दिया जाएगा। पूर्व प्रस्तावित मार्ग के तहत गलियारा नारायणगांव के पास खोडद गांव (पुणे से करीब 60 किलोमीटर दूर) स्थित 'जायंट मीटरवेव रेडियो टेलीस्कोप' (जीएमआरटी) के आस-पास 15 किलोमीटर के प्रतिबंधित क्षेत्र से होकर गुजरना था।
पुणे-नासिक न्यू रेल सेमी हाईस्पीड रेल कॉरिडोर की लंबाई 235.15 किलोमीटर है। यह लाइन राज्य के तीन जिले पुणे, अहमदनगर और नासिक को आपस में कनेक्ट करेगी। इस परियोजना रूट के बीच में कई पहाड़ियां पड़ रही हैं, जिनको क्रॉस करने के लिए 18 सुरंगे बनाई जाएंगी। इस रूट पर 24 स्टेशन बनाए जाएंगे। दावा है कि इस परियोजना के खुलने से मौजूदा समय में लगने वाले यात्रा के समय में 2 घंटे का कम समय लगेगा।
पुणे-नासिक न्यू रेल कॉरिडोर को विकसित करने में 16039 करोड़ रुपये खर्च करने का अनुमान है। यह प्रोजेक्ट महाराष्ट्र डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन और महाराष्ट्र सरकार संयुक्त रूप से विकसित करेगा। दावा किया जा रहा है कि इस रूट को 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेनें दौड़ाने के लिहाज से विकसित किया जा रहा है, जिसे भविष्य में 250 किमी. प्रति घंटे तक बढ़ाया जा सकता है।
रेल मंत्री का कहना है कि वर्तमान में निर्धारित रूट को लेकर वैज्ञानिकों ने चिंता जताई थी कि इस क्षेत्र से ट्रेनों की आवाजाही रेडियो वेधशाला (Radio Observatory) के कामकाज में बाधा उत्पन्न कर सकती है। जीएमआरटी को 23 देशों के सहयोग से स्थापित किया गया है। पूर्व प्रस्तावित मार्ग के कारण इसके संचालन में बाधा आने की आशंका है इसलिए मार्ग का पुनः निर्धारण किया जा रहा है ताकि किसी प्रकार की बाधा पैदा न हो। राज्य सरकार की मंजूरी मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
पुणे से करीब 80 किमी दूर स्थित जीएमआरटी 150-1420 मेगाहर्ट्ज़ की आवृत्ति पर काम करता है। इसमें 45-45 मीटर व्यास के कुल 30 एंटीना हैं। यह टाटा मूलभूत अनुसंधान संस्थान (टीआईएफआर) के तहत राष्ट्रीय रेडियो खगोल भौतिकी केंद्र (एनसीआरए) द्वारा संचालित किया जाता है। कयास लगाए जा रहे हैं कि अगले 5 साल के अंदर ही परियोजना को पूरा कर लिया जाएगा।
पुणे-नासिक न्यू रेल रूट पर कुल 22 स्टेशन होंगे, जिसमें पुणे, हडपसर, मंजरी, वाघोली, आलंदी, चाकन, राजगुरुनगर, मंचर, नारायणगांव, अलेफाटा, बोटा, सुकुर, अंबोर, संगमनेर, निमोन, नंदूर शिंगोटे, सिन्नर, मुहदारी, वडगांव और नासिक जैसे स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा उरूली, कंचन, खड़की और शिवाजीनगर आदि स्टेशन भी संभावित हैं।
रेल मंत्री ने पुणे रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की भी घोषणा की। पुणे स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा और यहां चार नए प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे। पुणे, हडपसर, खडकी, शिवाजीनगर, उरूली कांचन और आलंदी रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की योजनाएं अंतिम चरण में हैं। पुणे-नागपुर के बीच वंदे भारत ट्रेन शुरु करने को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ भी चर्चा की है। इसके अलावा रेल मंत्री ने हडपसर से जोधपुर एक्सप्रेस और एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-भगत की कोठी एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।