तेजस्वी की शादी पर भड़के मामा साधु यादव, कहा- यादव समाज को कलंकित कर दिया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 10, 2021, 07:26 PM IST

Tejashwi Yadav marriage : बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने ईसाई लड़की रिशेल से शादी की। इस पर उसके मामा साधु यादव ने कहा कि उसने यादव समाज को कलंकित कर दिया।

Tejashwi Yadav marriage : बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव दिल्ली के सैनिक फार्म में अपने बचपन की दोस्त के साथ विवाह के बंधन में बंध गए हैं। तेजस्वी यादव ने क्रिश्चियन कम्युनिटी से आने वाली रिशेल से शादी की। इस बात को लेकर उनके मामा साधु यादव पूरे गुस्से में हैं।  

साधु यादव ने कहा की तेजस्वी ने क्रिश्चियन कम्युनिटी की लड़की से शादी करके परिवार ही नहीं बल्कि पूरे यादव समाज को कलंकित किया है। उन्होंने कहा कि बिहार के 21 परसेंट यादव के भरोसे लालू जी सत्ता में बने रहे थे, लेकिन अब वही यादव समाज तेजस्वी यादव को बायकाट करेगा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को यादव समाज में लड़की की कमी हो गई थी क्या? जो उसने ईसाई धर्म की लड़की से शादी की।

32 वर्षीय बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी ने दिल्ली के एक फार्म हाउस में अपने माता-पिता राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव, अपने 8 भाई-बहनों, परिवार के अन्य सदस्यों, करीबी रिश्तेदारों और समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव की उपस्थिति में रिशेल आइरिस के साथ शादी की। रिशेल हरियाणा के एक बिजनेसमैन की बेटी हैं और यह जोड़ा बचपन से एक-दूसरे को जानता है। 

तेजस्वी लालू-राबड़ी की 9 संतानों में 8वें और विवाह बंधन में बंधने वाले अंतिम हैं। हालांकि जिस सादगी के साथ उन्होंने विवाह किया, वह उनके अन्य भाई-बहनों की धूमधाम से हुई शादियों से बिल्कुल विपरीत था। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तेजस्वी प्रसाद यादव के परिणय सूत्र में बंधने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाचारों के माध्यम से नेता प्रतिपक्ष के दिल्ली में परिणय सूत्र में बंधने की उन्हें सूचना प्राप्त हुई है, उन्हें बहुत-बहुत बधाई।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!