पटना : बिहार में विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने लगी है। मुद्दों को लेकर सत्ता और विपक्ष दोनों ने अपनी त्योरियां चढ़ा ली हैं। एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा-जदयू गठबंधन और महागठबंधन के बीच है। दोनों दल एक दूसरे पर निशाना साधने लगे हैं। इसी क्रम में बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव और उनके बेटे तेजस्वी यादव पर हमलावर हुए हैं। सुशील मोदी ने ट्वीट कर राजद के दोनों नेताओं पर निशाना साधा है।
लालू यादव को दिलाई याद
चारा घोटाला में जेल में बंद लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए राज्य के उप मुख्यमंत्री ने कहा, 'लालू प्रसाद यादव को पता होना चाहिए कि किस मुख्यमंत्री के अनुरोध पर लॉकडाउन में फंसे प्रवासी मजदूरों के लिए 4000 स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। इनमें से 1506 ट्रेनें ऐसी हैं जिन्होंने 21 लाख से ज्यादा मजदूरों, कामगारों को उनके गृह राज्य बिहार पहुंचाया।' बता दें कि गत 27 अप्रैल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ हुई बैठक में नीतीश कुमार ने प्रवासी मजदूरों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाए जाने की मांग की। इसके बाद रेलवे ने एक मई से प्रवासी मजदूरों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलानी शुरू की।
प्रवासी मजदूरों के मुद्दे पर नीतीश सरकार को घेर रहे तेजस्वी
राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव प्रवासी मजदूरों के मुद्दों पर लगातार जद-यू एवं नीतीश कुमार को घेरते आ रहे हैं। तेजस्वी का कहना है कि लॉकडाउन में देश के अलग-अलग हिस्सों में फंसे प्रवासी मजदूरों के लिए बिहार सरकार ने कुछ नहीं किया है। राजद के इन आरोपों को सुशील मोदी ने अब जवाब दिया है। अपने एक ट्वीट में उन्होंने कहा, 'लालू-राबड़ी ने लोकतंत्र की नई परिभाषा गढ़ डाली थी। बिहार में इसे बाहुबलियों के द्वारा, बाहुबलियों के लिए और बाहुबलियों की सरकार माना जाने लगा था। उनकी पार्टी आज भी छात्रा से बलात्कार के मामले में अभियुक्त अपने विधायक को कानून की पकड़ से बाहर रखने में मदद कर रही है।'
दोनों दलों के बीच जुबानी जंग हुई तेज
दोनों दलों के बीच जुबानी जंग तेज शुरू होने के बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश राजद नेता तेजस्वी पर सीधा हमला करने से दूरी बना रहे हैं लेकिन पार्टी प्रवक्ता निखिल मंडल तेजस्वी पर लगातार हमलावर हैं। मंडल ने कुछ दिनों पहले तेजस्वी पर तीखा हमला बोला। मंडल का आरोप है कि तेजस्वी यादव चार्टर्ड प्लेन में अपना जन्मदिन मनाते हैं और अरमानी के महंगे कपड़े पहनते हैं। समझा जाता है कि बिहार में चुनाव का समय जैसे-जैसे नजदीक आएगा वैसे-वैसे दोनों दलों के बीच जुबानी जंग और तेज होगी।
Bihar Vidhan Sabha Chunav के सभी अपडेट Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।