Bihar Liquor Ban News: पटना में देर रात होटल में छापा, 15 लाख रुपये से अधिक की शराब जब्त, एक गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 22, 2022, 07:15 PM IST

Bihar Liquor Ban News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू हुए छह साल हो चुके हैं। तमाम पुलिस अधिकारियों से लेकर जवानों तक को इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश है। इसके बावजूद राजधानी में ही भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब मिल रही है। होटल में शराब स्टॉक में रखे हैं। ग्राहकों को शराब पिलाई जा रही है। इसका खुलासा बिहटा पुलिस की छापेमारी में हुआ है।

Bihar Liquor Ban News: पटना में देर रात होटल में छापा, 15 लाख रुपये से अधिक की शराब जब्त, एक गिरफ्तार
Photo Credit: Representative Image

Bihar Liquor Ban News: बिहार की शराबबंदी की पोल राजधानी में ही खुली जा रही है। तमाम कड़े निर्देशों के बावजूद पुलिस शराबबंदी को लागू कराने में विफल साबित हो रही है। होटल कारोबारी अब शराब का स्टॉक रखे हुए हैं। होटलों में शराब परोसी जा रही है। गुरुवार की देर रात बिहटा पुलिस की कार्रवाई इस बात की तस्दीक करती है। 

गुप्त सूचना के आधार पर बिहटा पुलिस ने अपने थाना क्षेत्र अंतर्गत कनपा रोड स्थित शिवम लाइन होटल में छापेमारी की। यहां से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने होटल के एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। 

विभिन्न निजी कंपनियों की है महंगी शराब

पुलिस का कहना है कि उक्त होटल से 300 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। इसकी कीमत 15 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। शराब अलग-अलग निजी कंपनियों की है। गिरफ्तार शख्स से मामले में पूछताछ की जा रही है। इसके अतिरिक्त होटल संचालक के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। 

अंधेरे का फायदा उठाकर कई आरोपी फरार

पुलिस ने देर रात उक्त होटल पर छापेमारी की थी। ऐसे में पुलिस के आते ही कई लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इसके साथ फरार होटल संचालक एवं अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस बारे में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि आरोपी होटल संचालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मद्य निषेध कानून के अंतर्गत संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। 

राजधानी में विशेष सख्ती का आदेश दे चुके हैं मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कई बार पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों को निर्देश दे चुके हैं शराबबंदी के खिलाफ पटना में विशेष सख्ती बरतें। यहां किसी भी हाल में शराब की खरीद-फरोख्त नहीं हो। राजधानी में सख्ती होने से पूरे सूबे में सकारात्मक संदेश जाएगा, लेकिन अब जब राजधानी में ही शराब के धंधे फल-फूल रहे हैं तो सुदूर जिलों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!