Bihar Gang Rape: बिहार के बेतिया में नाबालिग से निर्भया जैसी हैवानियत, बेहोशी की हालात में मिली पीड़िता

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 8, 2022, 12:37 PM IST

Bihar News: बिहार एक बार फिर शर्मसार है। यहां के बेतिया के पश्चिम चंपारण में एक नाबालिग से दिल्ली के निर्भया कांड जैसी हैवानियत की गई। इस नाबालिग किशोरी से बस में गैंगरेप किया गया। इसके बाद पीड़िता को अर्धबेहोशी की स्थिति में छोड़कर आरोपी फरार हो गए।

Bihar Gang Rape: बिहार के बेतिया में नाबालिग से निर्भया जैसी हैवानियत, बेहोशी की हालात में मिली पीड़िता
Photo Credit: Twitter

Bihar Gang Rape: बिहार में लगातार नाबालिगों के साथ हैवानियत के दिल दहला देने वाले मामले सामने आ रहे हैं। सोमवार को जहां अपनी इज्जत बचाने के लिए एक नाबालिग द्वारा ट्रेन के आगे कूदने का मामला सामने आया। वहीं मंगलवार को एक बस में नाबालिग से गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़िता से बस में गैंगरेप किया और फिर उसे अर्धबेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा है। जानकारी के अनुसार बेतिया बस स्टैंड से पटना जाने वाली बस में इस हैवानियत को अंजाम दिया गया। गैंगरेप का आरोप बस के ही ड्राइवर, खलासी और कंडक्टर पर लगा है। पुलिस ने खलासी और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

पटना जाने के लिए बस में सवार हुई थी नाबालिग

पीड़िता ने अपने बयान में पुलिस को बताया कि सोमवार रात को खलासी ने उसे पटना ले जाने की बात कहकर बस में बैठाया था। जिसके बाद ड्राइवर बस को स्टैंड से बाईपास रोड की ओर ले गया। आरोप है कि इस दौरान उसे पेय पदार्थ में नशीली दवा मिलाकर पिला दी गई। जब पीड़िता बेहोशी की हालात में आई तो तीनों आरोपियों ने उसके साथ गैंगरेप किया। हैवानियत को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बस में पीड़िता को छोड़कर फरार हो गए। मंगलवार सुबह जब पीड़िता को होश आया तो वह खड़े होने की स्थिति में भी नहीं थी। वह अंदर से बस का दरवाजा खटखटाती रही। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने आवाज सुनकर बस का दरवाजा खोलकर उसे बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पीड़िता को अस्पताल में भर्ती करवाया है, अब उसका मेडिकल होगा। इसके साथ ही पुलिस ने बस को भी जब्त कर लिया है। पीड़िता से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी खलासी और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ड्राइवर फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है। 


इज्जत बचाने के लिए ट्रेन के आगे कूदी नाबालिग 

नाबालिग से बस में हुई इस हैवानियत के बाद पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस जहां मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश में जुटी है। वहीं दूसरी ओर लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है। इससे पहले बेगूसराय से भी ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया था। जहां अपनी इज्जत बचाने के लिए एक नाबालिग ट्रेन के आगे कूद गई थी। इस हादसे में उसकी जान तो बच गई लेकिन वह एक पैर खो बैठी। हादसे के करीब दस दिन बाद सोमवार को उसे होश आया और उसने पुलिस को आपबीती बताई। पीड़िता ने बताया कि राजस्व विभाग के एक अधिकारी के यहां वह खाना बनाने जाती है। पिछले दिनों जब वह खाना बना रही थी तो अधिकारी ने उसके साथ रेप करने की कोशिश की। बचने के लिए वह घर से भागी और ट्रेन के आगे कूद गई। घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि पीड़िता के परिजनों का कहना है कि परिवार से नाराज होकर नाबालिग ने ये कदम उठाया है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!