RJD नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी के बिगड़े बोल, पीएम मोदी पर की आपत्तिजनक टिप्पणी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 6, 2020, 01:15 PM IST

तीसरे चरण के दौरान चुनाव प्रचार करते हुए राजद नेता ने कहा, 'हमने अटल बिहारी वाजपेयी जी का व्यवाहर  देखा है। उनकी वैचारिक प्रतिबद्धता हम लोगों से भिन्न थी लेकिन वह देश और समाज को समझते थे।

RJD नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी के बिगड़े बोल, पीएम मोदी पर की आपत्तिजनक टिप्पणी
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली : बिहार चुनाव के अंतिम दौर में नेता निजी हमले करने से परहेज नहीं कर रहे हैं। अब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित टिप्पणी की है। सिद्दिकी ने शुक्रवार को कहा कि 'पीएम मोदी को अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है कि वह देश के प्रधानमंत्री हैं, उन्हें अभी भी यही लगता है कि वह गुजरात के दंगे वाले मुख्यमंत्री हैं।' राजद नेता के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पलटवार कर सकती है। 

तीसरे चरण के दौरान चुनाव प्रचार करते हुए राजद नेता ने कहा, 'हमने अटल बिहारी वाजपेयी जी का व्यवाहर देखा है। उनकी वैचारिक प्रतिबद्धता हम लोगों से भिन्न थी लेकिन वह देश और समाज को समझते थे। वह यहां की खान-पान और संस्कृति को समझते थे। यही कारण है कि आज जो अल्पसंख्यक को निशाना बनाया जा रहा है, उनकी नजर में भी अटल जी के प्रति आदर था।'

सिद्दिकी ने आगे कहा, 'मोदी जी को यह अहसास नहीं हो रहा है कि वह देश के प्रधानमंत्री हैं, उन्हें अभी भी यही लग रहा है कि वह गुजरात के दंगे वाले मुख्यमंत्री हैं।'

योगी और नीतीश पर निशाना साधा
अंतिम चरण के चुनाव प्रचार में सिद्दिकी भाजपा पर हमलावर हैं। गुरुवार को उन्होंने दरभंगा में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सीएम नीतीश कुमार पर हमला बोला। उन्होंने योगी पर निशाना साधते हुए कहा कि आलू और प्याज के दाम आसमान छू रहे हैं। महंगाई बढ़ती जा रही है।'

तेजस्वी की अभिमन्यू से की तुलना
सिद्दिकी ने कहा कि बिहार के लोग यहां यूपी नहीं बनने देंगे। यहां कानून का राज है। जबकि सबको पता है कि यूपी में कितने फर्जी एनकाउंटर हुए हैं। राजद नेता ने तेजस्वी यादव की तुलना अभिमन्यू से करते हुए कहा कि ये लोग अभिमन्यु को घेर कर उसका 'वध' करना चाहते हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!