Corona in Tokyo Olympics 2021: टोक्यो ओलंपिक में कोरोना की दस्तक, 2 खिलाड़ी मिले संक्रमित

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 18, 2021, 03:46 PM IST

Corona in Tokyo Olympics 2021: टोक्यो ओलंपिक के खेल गांव में कोरोना की आमद हो गई है, बताया जा रहा है वहां पर दो खिलाड़ियों समेत तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

Corona in Tokyo Olympics 2021: टोक्यो ओलंपिक में कोरोना की दस्तक, 2 खिलाड़ी मिले संक्रमित

नई दिल्ली: ओलंपिक खेल गांव में रह रहे दो खिलाड़ियों सहित कुल तीन लोगों को कोविड-19 के लिये पॉजिटिव पाया गया है। यह पहला अवसर है जबकि खेल गांव में रह रहे खिलाड़ियों को संक्रमण हुआ है,आयोजकों ने खिलाड़ियों की पहचान उजागर नहीं की है तीसरा खिलाड़ी खेलों के लिये नामित होटल में ठहरा हुआ है।

आयोजन समिति ने यहां कोविड-19 के पॉजिटिव मामलों की जो सूची जारी की है उसके अनुसार दिन में कुल 10 मामले सामने आये। इनमें खेलों से संबंधित पांच व्यक्ति, एक ठेकेदार और एक पत्रकार भी शामिल है। समिति के रिकार्ड के अनुसार खेलों से जुड़े कोविड मामलों की संख्या अब 55 पर पहुंच गयी है।
 

दोनों संक्रमित खिलाड़ियों को कहां रखा गया है?

आयोजकों ने यह नहीं बताया है कि दोनों संक्रमित खिलाड़ियों को खेल गांव में ही रखा गया है या उन्हें किसी अन्य स्थान पर पृथकवास पर भेजा गया है। खेल गांव में एक दिन पहले ही एक व्यक्ति का परीक्षण पॉजिटिव पाया गया था। यह खिलाड़ी नहीं था। इस व्यक्ति को खेल गांव से बाहर पृथकवास पर रखा गया है।इस बीच भारतीय खिलाड़ियों का पहला जत्था भारत से शनिवार को रवाना हुआ और आज सुबह टोक्यो पहुंचा।

ओलंपिक खेल 23 जुलाई से शुरू होंगे

भारत के 90 सदस्यीय दल में तीरंदाज, महिला और पुरुष हॉकी टीम, टेबल टेनिस खिलाड़ी और तैराक भी शामिल हैं। निशानेबाज और मुक्केबाज भी क्रोएशिया और इटली में अपने अभ्यास स्थलों से टोक्यो पहुंच चुके हैं। ओलंपिक खेल 23 जुलाई से शुरू होंगे लेकिन इन्हें खाली स्टेडियमों में ही आयोजित किया जाएगा क्योंकि जापान की राजधानी में लगातार वायरस के मामले बढ़ रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में यहां प्रतिदिन 1000 से अधिक मामले दर्ज किये जा रहे हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!