लाइफस्टाइल

Nautapa Diet Plan : आज से नौतपा शुरू, अगले 9 दिन सबसे गरम, जानें अगले नौ दिन क्या खाएं और क्या नहीं

नौतपा की भीषण गर्मी में शरीर को ठंडा, हाइड्रेट रखना सबसे जरूरी है। सही खानपान अपनाकर लू, डिहाइड्रेशन, थकान से बचा जा सकता है। जानिए अगले नौ दिनों में क्या खाना फायदेमंद रहेगा और किन चीजों से दूरी बनानी चाहिए।

Image

Nautapa Diet Plan

आज से नौतपा की शुरुआत हो चुकी है और इसके साथ ही गर्मी का सबसे कठिन दौर भी शुरू माना जाता है। अगले नौ दिनों तक तेज धूप, लू और लगातार बढ़ता तापमान लोगों की दिनचर्या और सेहत दोनों को प्रभावित कर सकता है। इस दौरान शरीर में पानी की कमी, थकान, चक्कर आना और पेट से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ने लगती हैं। ऐसे में सिर्फ धूप से बचना ही काफी नहीं, बल्कि खानपान पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी हो जाता है।

गर्मी के इन दिनों में शरीर को ठंडा रखने वाली चीजें, पर्याप्त पानी और हल्का भोजन आपकी सेहत को सुरक्षित रख सकते हैं। वहीं ज्यादा मसालेदार, तली हुई और गर्म तासीर वाली चीजें शरीर की परेशानी बढ़ा सकती हैं। अगर नौतपा के दौरान सही डाइट प्लान अपनाया जाए तो लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से काफी हद तक बचाव संभव है। देखें नौतपा में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं।

सुबह की शुरुआत ऐसे करें

नौतपा के दिनों में दिन की शुरुआत ठंडक देने वाली ड्रिंक्स से करनी चाहिए। सुबह खाली पेट सादा पानी, नींबू पानी या नारियल पानी पीना शरीर को हाइड्रेट रखता है। इसके अलावा भीगे हुए चिया सीड्स या सौंफ वाला पानी भी फायदेमंद माना जाता है।

डाइट में शामिल करें फल

गर्मी के मौसम में तरबूज, खरबूजा, खीरा, ककड़ी, संतरा और मौसमी जैसे फल शरीर को ठंडक पहुंचाते हैं। इनमें पानी की मात्रा अधिक होती है, जिससे शरीर में डिहाइड्रेशन नहीं होता। ये फल पाचन को बेहतर रखने में भी मदद करते हैं।

Nautapa me kya khana chahiye aur kya Nahi

Nautapa me kya khana chahiye aur kya Nahi

दोपहर में खाएं हल्का खाना

नौतपा के दौरान दोपहर का भोजन हल्का रखना चाहिए। दाल, चपाती, हरी सब्जियां, दही और छाछ शरीर को जरूरी पोषण देते हैं। छाछ में काला नमक और भुना जीरा मिलाकर पीने से लू का खतरा कम हो सकता है। सत्तू और बेल का शरबत भी गर्मी में बेहद लाभकारी माना जाता है।

शाम और रात में रखें खास सावधानी

शाम के समय तले हुए स्नैक्स की जगह फ्रूट सलाद या अंकुरित अनाज लें। रात का खाना हल्का और समय पर खाना बेहतर है। देर रात भारी भोजन करने से शरीर में गर्मी और बेचैनी बढ़ सकती है।

इन चीजों से बनाएं दूरी

नौतपा में ज्यादा चाय-कॉफी, कोल्ड ड्रिंक, फास्ट फूड और अत्यधिक मसालेदार भोजन से बचना चाहिए। ये शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं। बाहर का बासी खाना खाने से संक्रमण और फूड पॉइजनिंग का खतरा भी बढ़ जाता है।

अगर आप अगले नौ दिनों तक संतुलित और ठंडक देने वाली डाइट अपनाते हैं तो गर्मी का असर काफी कम किया जा सकता है। सही खानपान शरीर को ऊर्जा देने के साथ लू और कमजोरी से भी बचाने में मदद करता है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोला author

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक... और देखें

End of Article