Pre Cut Fruits Safety In Rainy Season: बारिश के मौसम में सड़क किनारे या बाजार में पहले से कटे हुए फल खूब बिकते हैं। भागदौड़ भरी जिंदगी में इन्हें खरीदकर खाना आसान भी लगता है। लेकिन यही छोटी-सी सुविधा कई बार सेहत पर भारी पड़ सकती है। मॉनसून में हवा में नमी ज्यादा होती है, जिससे कीटाणु जल्दी पनपते हैं। ऐसे में अगर कटे हुए फल लंबे समय तक खुले में रखे हों, तो उनमें गंदगी और कीटाणु लगने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए डॉक्टर इस मौसम में पहले से कटे हुए फल खरीदने और खाने से बचने की सलाह देते हैं।
मानसून में कटे फल कितने सुरक्षित होते हैं
बारिश में कटे हुए फल क्यों बना सकते हैं बीमार
बारिश के मौसम में नमी ज्यादा होने से कीटाणु तेजी से बढ़ते हैं। अगर कोई फल काटने के बाद काफी देर तक खुला रखा रहे, तो उस पर धूल, मक्खियां और हवा के साथ आने वाले कीटाणु आसानी से बैठ सकते हैं। फल बाहर से ताजा दिख सकता है, लेकिन उसके अंदर नुकसान पहुंचाने वाले जीवाणु मौजूद हो सकते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बरसात में बच्चों का रेनकोट और स्कूल बैग भी बन सकते हैं बैक्टीरिया का घर, ऐसे बना सकते हैं बीमार
किन परेशानियों का खतरा बढ़ जाता है
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, मॉनसून में खुले में रखे कटे हुए फल खाने से पेट खराब होना, उल्टी, दस्त, पेट दर्द और फूड पॉइजनिंग जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। अगर फल साफ तरीके से नहीं काटे गए हों या उन्हें सही जगह पर न रखा गया हो, तो बीमारी का खतरा और बढ़ जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या मलेरिया सिर्फ गांवों की बीमारी है, शहरों में भी कैसे तेजी से बढ़ रहा खतरा, डॉक्टर से जानिए
सिर्फ फल नहीं सफाई भी है जरूरी
कई बार फल तो अच्छा होता है, लेकिन उसे काटने वाला चाकू, कटिंग बोर्ड या फल बेचने वाले के हाथ साफ नहीं होते। इसके अलावा खुले में रखे फलों पर मक्खियां बैठ जाती हैं और धूल भी जम जाती है। यही वजह है कि बाहर से कटे हुए फल खरीदने के बजाय पूरा फल खरीदना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है।
बारिश में फल खाने का सही तरीका क्या है
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि हमेशा पूरा फल खरीदें। घर लाकर उसे साफ पानी से अच्छी तरह धोएं और खाने से ठीक पहले काटें। अगर कटा हुआ फल बच जाए, तो उसे ढक्कन वाले साफ डिब्बे में रखकर फ्रिज में रखें। लंबे समय तक बाहर रखा हुआ कटा फल खाने से बचें।
इन लोगों को ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए
एक्सपर्ट्स के अनुसार बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से बीमार लोगों को बारिश में खुले में बिकने वाले कटे हुए फल नहीं खाने चाहिए। इनकी तबीयत जल्दी खराब हो सकती है। थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर आप और आपका परिवार बारिश के मौसम में पेट की कई परेशानियों से बच सकते हैं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
