Is Alone calcium enough for bones: जब भी हड्डियों को मजबूत बनाने की बात होती है, तो सबसे पहले दिमाग में कैल्शियम का नाम आता है। हमारे शरीर को प्रोटीन, विटामिन D, मैग्नीशियम, जिंक और रोज की थोड़ी फिजिकल एक्टिविटी की भी जरूरत होती है। हेल्थ इन्फ्लुएंसर और हार्मोन एंड गट हेल्थ डाइटिशियन मनप्रीत कालरा के मुताबिक सिर्फ कैल्शियम लेने से ही हड्डियां मजबूत नहीं होतीं। सही पोषण और एक्टिव लाइफस्टाइल हड्डियों को लंबे समय तक हेल्दी बनाए रखने में मदद करते हैं। ऐसे में रागी से बनी एक खास ड्रिंक कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर है, जो हड्डियों को अंदर से मजबूती देने में सहायक हो सकता है। इसे रोजमर्रा की डाइट में शामिल करना आसान भी है और फायदेमंद भी। चलिए एक्सपर्ट से ही इसके बारे में जानते हैं...
क्या हड्डियों को बस कैल्शियम की जरूरत होती है
हड्डियों की मजबूती के लिए सिर्फ कैल्शियम ही काफी नहीं
डाइटिशियन मनप्रीत बताती हैं कि हड्डियां मजबूत रखने के लिए शरीर को कई तरह के पोषक तत्व चाहिए होते हैं। प्रोटीन हड्डियों की संरचना को मजबूत करता है, वहीं विटामिन D कैल्शियम को सही तरीके से शरीर में एब्जॉर्ब करने में मदद करता है। मैग्नीशियम और जिंक भी बोन डेंसिटी बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। अगर डाइट में इन सभी पोषक तत्वों का संतुलन हो, तो हड्डियां लंबे समय तक मजबूत रह सकती हैं।
इसे भी पढ़ें: मोटापा कम करने के लिए सुबह क्या पिएं, न्यूट्रिशनिस्ट ने बताई 5 मॉर्निंग ड्रिंक्स, जो जिद्दी चर्बी को देंगी छांट
रागी से मिलता है भरपूर कैल्शियम
इस हेल्दी ड्रिंक की सबसे खास चीज है रागी, जो कैल्शियम का अच्छा सोर्स माना जाता है। रागी का सेवन हड्डियों और जोड़ों को मजबूत बनाने में मदद कर सकता है। इसे पानी में पकाकर तैयार किया जाता है, जिससे यह आसानी से पचने वाला और शरीर को ऊर्जा देने वाला बन जाता है। नियमित रूप से रागी लेने से हड्डियों को जरूरी पोषण मिल सकता है।
नारियल दूध और अखरोट से मिलता है हेल्दी फैट
डाइटिशियन के अनुसार नारियल दूध इस ड्रिंक को क्रीमी और पौष्टिक बनाता है। इसमें मौजूद हेल्दी फैट शरीर को ऊर्जा देने के साथ-साथ पोषक तत्वों को बेहतर तरीके से एब्जॉर्ब करने में मदद करता है। भीगे हुए अखरोट ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर होते हैं, जो जोड़ों की जकड़न कम करने और सूजन को घटाने में सहायक माने जाते हैं।
जीरा, कड़ी पत्ता और पुदीना बढ़ाते हैं फायदा
भुना हुआ जीरा पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है, जिससे शरीर जरूरी न्यूट्रिएंट्स को आसानी से ग्रहण कर पाता है। कड़ी पत्ता एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है और हड्डियों की सेहत के लिए अच्छा माना जाता है। पुदीना ड्रिंक को ताजगी देता है और शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद करता है, जिससे यह स्वाद में भी अच्छा लगता है।
तुलसी के बीज पाचन को रखते हैं बेहतर
भीगे हुए तुलसी के बीज फाइबर से भरपूर होते हैं, जो डाइजेशन को बेहतर बनाते हैं। जब पाचन सही रहता है, तो शरीर को जरूरी विटामिन और मिनरल्स सही तरीके से मिल पाते हैं। इस ड्रिंक को ठंडा पसंद हो तो इसमें बर्फ डालकर भी पी सकते हैं।
मजबूत हड्डियों के लिए एक्टिव रहना भी जरूरी
डाइटिशियन का मानना है कि सही डाइट के साथ-साथ रोज थोड़ी फिजिकल एक्टिविटी भी जरूरी है। वॉक, योग या हल्की एक्सरसाइज हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में मदद करती है। जब सही खानपान और एक्टिव लाइफस्टाइल साथ चलते हैं, तो हड्डियां लंबे समय तक मजबूत और हेल्दी रह सकती हैं।
रागी ड्रिंक की आसान रेसिपी
इस ड्रिंक को बनाने के लिए सबसे पहले रागी आटे में थोड़ा पानी मिलाकर स्मूद पेस्ट तैयार कर लें। अब इसमें पानी डालकर धीमी आंच पर पकाएं, जब तक यह हल्का गाढ़ा न हो जाए। ठंडा होने के बाद इसे मिक्सर में डालें और इसमें ताजा नारियल दूध, भीगे हुए अखरोट, थोड़ा नमक और भुना हुआ जीरा पाउडर डालें। इसके बाद कड़ी पत्ता और पुदीना डालकर ब्लेंड करें। अंत में भीगे हुए तुलसी के बीज मिलाएं। चाहें तो ठंडा पीने के लिए इसमें बर्फ भी डाल सकते हैं। यह पौष्टिक ड्रिंक रोजाना हड्डियों के लिए अच्छा सपोर्ट दे सकता है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
