लाइफस्टाइल

बिना तेल बनाएं आम का अचार, साल भर तक रहेगा ताजा, जानें कैसे बनता है पानी वाला आम का अचार

पानी वाला आम का अचार (Pani Wala Aam Ka Achar): पानी वाला अचार एक पारंपरिक देसी रेसिपी है, जिसे खासतौर पर गर्मियों में बनाया जाता है। इसमें कच्चे आम को मसालों और पानी के साथ तैयार किया जाता है।

Image

बिना तेल पानी वाला आम का अचार कैसे बनाएं (AI Image)

पानी वाला आम का अचार (Pani Wala Aam Ka Achar): गर्मियों का मौसम आते ही भारतीय घरों में कई तरह के बनने लगते हैं। यह मौसम अचार बनाने के लिए बेस्ट माना जाता है। आमतौर पर अचार बनाने में काफी तेल और धूप की जरूरत पड़ती है, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि आप तेल की जगह पानी से भी अचार बना सकते हैं। जी हैं आम का अचार हो या फिर नींबू और हरी सब्जियों का, पानी से कई तरह के अचार आसानी से बन सकते हैं। अगर आप इन दिनों अचार लगाने की सोच रहे हैं तो पहले जान लें कि गर्मियों के मौसम का बेस्ट अचार कौन सा होता है और इसे बिना तेल के पानी के साथ कैसे बनाया जा सकता है।

गर्मी में कौन सा अचार अच्छा होता है?

गर्मी के मौसम के लिए सबसे बेस्ट अचार आम का माना जाता है। दरअसल इस सीजन में ताजे कच्चे आम आसानी से मिल जाते हैं जिससे अचार भी अच्छा बनता है। कच्चे आम के अचार के बिना भारतीय ग्रीष्म ऋतु अधूरी लगती है। सख्त, खट्टे हरे आमों से बना आम का अचार, तीखे मसालों के साथ खट्टेपन का बेहतरीन संतुलन बनाता है। लोग अपने खास मसालों से इसके स्वाद को भी बदल देते हैं।

क्या होता है पानी वाला अचार?

पानी वाला अचार एक पारंपरिक देसी रेसिपी है, जिसे खासतौर पर गर्मियों में बनाया जाता है। इसमें कच्चे आम को मसालों और पानी के साथ तैयार किया जाता है। इस अचार की सबसे बड़ी खासियत इसकी पतली मसालेदार ग्रेवी होती है, जो खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है। यह अचार खासकर दाल-चावल, पराठे और सादे खाने के साथ बेहद स्वादिष्ट लगता है।

पानी वाले आम के अचार में कौन-कौन से मसाले डाले जाते हैं

पानी वाला आम का अचार बनाने के लिए आपको चाहिए 3 से 4 कच्चे आम, नमक, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, राई, मेथी दाना, सौंफ और थोड़ा सा सिरका या नींबू का रस। कुछ लोग स्वाद बढ़ाने के लिए हरी मिर्च और लहसुन भी डालते हैं।

पानी से आम का अचार कैसे बनाते हैं?

सबसे पहले कच्चे आमों को अच्छी तरह धोकर छोटे टुकड़ों में काट लें। अब एक बर्तन में पानी उबालें और उसमें नमक डाल दें। इसके बाद आम के टुकड़ों को हल्का सा उबाल लें ताकि वे थोड़ा नरम हो जाएं।

अब एक अलग बाउल में सभी मसाले मिलाएं। उबले हुए आम के टुकड़ों को मसालों में डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। इसके बाद इसमें थोड़ा ठंडा किया हुआ नमकीन पानी डालें। चाहें तो थोड़ा सिरका या नींबू का रस भी मिला सकते हैं ताकि अचार लंबे समय तक सुरक्षित रहे।

अचार को कांच के साफ जार में भरें और कुछ घंटों के लिए ढककर रख दें। कुछ ही समय में मसालों का स्वाद आम में उतरने लगेगा और अचार खाने के लिए तैयार हो जाएगा।

1 किलो अचार में कितना नमक डाला जाता है?

एक किलो आम के अचार में नमक की मात्रा अलग-अलग हो सकती है, लेकिन आमतौर पर यह 100 से 200 ग्राम के बीच होती है। महत्वपूर्ण बात यह है कि आप अपने स्वाद के अनुसार सही मात्रा में नमक डालें और अचार को अच्छी तरह से प्रिजर्व करें।

पानी वाले अचार के फायदे

यह अचार कम तेल वाला होता है, इसलिए कई लोग इसे हल्का और हेल्दी विकल्प मानते हैं। साथ ही इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता। जिन लोगों के पास धूप में अचार सुखाने का समय या जगह नहीं होती, उनके लिए यह तरीका काफी आसान माना जा रहा है।

अगर आप इस गर्मी कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो पानी वाला आम का अचार जरूर बनाएं। इसका चटपटा स्वाद साधारण खाने को भी बेहद खास बना देता है।

Suneet Singh
सुनीत सिंह author

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे ... और देखें

End of Article