Heatwave Alert: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों ने अगले 10 दिनों तक तेज गर्म हवाएं चलने और तापमान में भारी बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। ऐसे मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर समस्याएं पैदा कर सकती है। डॉक्टरों के अनुसार सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक धूप सबसे ज्यादा खतरनाक होती है, इसलिए इस दौरान बाहर निकलने से बचना चाहिए।
देश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और तेज गर्म हवाएं यानी लू लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही हैं। खासतौर पर बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और बीपी के मरीजों को इस मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। ऐसे में जरूरी है कि लू को हल्के में लेने की गलती न करें और समय रहते खुद को सुरक्षित रखने के उपाय (Heatwave Safety Tips) अपनाएं।
सेहत पर लू का असर
लू दरअसल बहुत गर्म और सूखी हवाएं होती हैं, जो शरीर के टेंपरेचर को तेजी से बढ़ा देती हैं। इसके बाद जब शरीर खुद को ठंडा रखने में फेल हो जाता है, तब हीट एक्सॉशन और हीट स्ट्रोक जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। हीट स्ट्रोक की स्थिति में शरीर का तापमान 104°F या उससे ज्यादा हो सकता है, जो कभी-कभी जानलेवा भी साबित हो सकता है। यही कारण है कि हेल्थ एक्सपर्ट्स दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह देते हैं। आइए जानते हैं लू से बचाव के कुछ आसान उपाय।
10 बजे से 3 बजे तक बाहर निकलने से बचें
हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक सूरज की किरणें सबसे ज्यादा तेज होती हैं। इस दौरान बाहर निकलने से शरीर सीधे गर्म हवाओं और तेज धूप के संपर्क में आता है।
इसलिए अगर बहुत जरूरी काम न हो तो इस समय (10-3 बजे) घर के अंदर ही रहें। इसके बाद भी यदि इस समय बाहर निकलना पड़े तो छांव वाले रास्ते का इस्तेमाल करें और बार-बार पानी पीते रहें। वर्किंग प्रोफेशनल्स और डिलीवरी या फील्ड जॉब करने वाले लोगों को इस समय ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।
सिर को ढककर रखें
लू से बचाव का सबसे आसान तरीका शरीर को सीधे गर्म हवा के संपर्क से बचाना है। इसलिए धूप में घर से बाहर निकलते समय सिर पर टोपी, गमछा, स्कार्फ या छाता जरूर रखें। इसके अलावा हल्के रंग और ढीले सूती कपड़े पहनना भी फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि ये शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं।
गर्मी में सिर का बचाव सबसे जरूरी होता है, क्योंकि धूप में लंबे समय तक रहने से सिर तेजी से गर्म होता है, जिससे चक्कर आने और बेहोशी का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए सिर ढकना बेहद जरूरी है।
इलेक्ट्रोलाइट्स ड्रिंक पीते रहें
गर्मी के दिनों में बाहर निकलते समय लू से बचाव करना है, तो खुद को हाइड्रेट रखना न भूलें। जी हां इसके लिए आपको केवल पानी पीकर काम नहीं चलाना है। क्योंकि तेज धूप और लू में पसीना आने से शरीर से सोडियम और पोटेशियम जैसे जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है। जिसकी पूर्ति के लिए नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी, बेल का शरबत, ओआरएस और आम पन्ना जैसी ड्रिंक्स का सेवन कर सकते हैं।
लू से बचाव के तरीके
- सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक बाहर निकलने से बचें।
- घर से निकलते समय सिर को टोपी, गमछे या छाते से ढककर रखें।
- दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स लेते रहें।
- हल्के रंग और ढीले सूती कपड़े पहनें।
- नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी और ओआरएस का सेवन करें।
- तेज धूप में ज्यादा मेहनत या एक्सरसाइज करने से बचें।
- ब्लड प्रेशर, हार्ट और बुजुर्ग मरीज अपनी सेहत पर विशेष ध्यान रखें।
ब्लड प्रेशर और हार्ट के मरीज रहें ज्यादा अलर्ट
भीषण गर्मी का दौर ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। लू के कारण ज्यादा पसीना निकलने से शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी होने लगती है, जिससे बीपी अचानक लो या हाई हो सकता है। इन दिनों में हार्ट और बीपी के मरीजों को दवाएं नियमित रूप से लेनी चाहिए। इसके अलावा दोपहर के समय बाहर निकलने से बचना चाहिए। अगर गर्मी में घबराहट, सीने में दर्द, कमजोरी या चक्कर महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
