लाइफस्टाइल

नहाने के तुरंत बाद भूलकर भी ना करें ये 6 काम, छोटी सी गलती से हो सकता है बड़ा नुकसान

Never Do these Mistakes After Bath: असल में नहाने के बाद शरीर को थोड़ी देर सामान्य स्थिति में आने का समय देना जरूरी होता है। इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रख रख अपनी सेहत को बेहतर बना सकते हैं।

Image

नहाने के बाद ये 6 काम बिगाड़ देंगे आपकी सेहत का हाल (Photo: iStock)

Never Do these Mistakes After Bath: गर्मी अपने चरम पर है। घर से बाहर ना निकलने वालों को भी गर्मी ने परेशान कर रखा है। शरीर को ठंडा रखने के लिए लोग दिन में कई-कई बार नहा रहे हैं। हालांकि कुछ लोग जाने-अनजाने में नहाने के बाद ऐसी गलतियां कर बैठते हैं कि उन्हें भारी पड़ जाता है। दरअसल एक्सपर्ट्स भी मानते हैं कि नहाने के बाद शरीर का तापमान और ब्लड सर्कुलेशन थोड़ा बदल जाता है, इसलिए इस समय कुछ बातों का खास ध्यान रखना जरूरी होता है। आइए समझें हमें किन बातों का जरूर ध्यान रखना चाहिए:

तुरंत AC या तेज पंखे के सामने ना बैठें

नहाने के तुरंत बाद शरीर का तापमान सामान्य से थोड़ा कम हो जाता है। ऐसे में अगर आप तुरंत तेज पंखे या AC के सामने बैठ जाते हैं, तो सर्दी-जुकाम, सिरदर्द या शरीर में अकड़न की समस्या हो सकती है। खासतौर पर गर्मियों में लोग यह गलती ज्यादा करते हैं। बेहतर होगा कि शरीर को पहले सामान्य तापमान में आने दें।

तुरंत खाना खाने से बचें

विशेषज्ञ मानते हैं कि नहाने के तुरंत बाद भारी भोजन नहीं करना चाहिए। क्योंकि नहाने के दौरान शरीर का ब्लड सर्कुलेशन त्वचा की ओर ज्यादा सक्रिय हो जाता है। ऐसे में तुरंत खाना खाने से पाचन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। कोशिश करें कि नहाने और भोजन के बीच कम से कम 20 से 30 मिनट का अंतर रखें।

गीले बालों में ना सोएं

कई लोग रात में नहाने के बाद बिना बाल सुखाए ही सो जाते हैं। यह आदत सिरदर्द, बाल टूटने और स्कैल्प इंफेक्शन का कारण बन सकती है। गीले बालों में लंबे समय तक नमी रहने से फंगल संक्रमण का खतरा भी बढ़ सकता है।

तुरंत बाहर धूप में ना निकलें

नहाने के तुरंत बाद त्वचा के पोर्स खुले होते हैं। ऐसे में तेज धूप या गर्म हवा के संपर्क में आने से त्वचा पर जलन या टैनिंग की समस्या हो सकती है। अगर बाहर जाना जरूरी हो, तो शरीर को अच्छी तरह सुखाकर और कुछ समय रुककर ही निकलें।

तुरंत वर्कआउट करना भी सही नहीं

नहाने के बाद शरीर रिलैक्स मोड में होता है। ऐसे में तुरंत भारी एक्सरसाइज या जिम करना शरीर पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है। खासकर गर्म पानी से नहाने के बाद तुरंत वर्कआउट करने से कमजोरी या चक्कर जैसा महसूस हो सकता है।

त्वचा को जोर से रगड़ने से बचें

नहाने के बाद तौलिए से शरीर को बहुत जोर से रगड़ना त्वचा को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे स्किन ड्राई और रफ हो सकती है। हल्के हाथों से शरीर को सुखाना बेहतर माना जाता है।

असल में नहाने के बाद शरीर को थोड़ी देर आराम और सामान्य स्थिति में आने का समय देना जरूरी होता है। अगर आप इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखते हैं, तो आपकी सेहत और स्किन दोनों बेहतर रह सकती हैं।

Suneet Singh
सुनीत सिंह author

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे ... और देखें

End of Article