राजस्थान सरकार संकट: जयपुर- मानेसर दोनों जगह गहलोत-पायलट खेमे का शक्ति प्रदर्शन, आज एक बार फिर सीएलपी की बैठक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 14, 2020, 12:36 AM IST

Rajasthan government crisis: मंगलवार को एक बार फिर कांग्रेस विधायक दल की बैठक होनी है। लेकिन सचिन पायलट खेमे ने एक वीडियो जारी कर संदेश दिया है कि वो झुकने वाले नहीं हैं।

राजस्थान सरकार संकट: जयपुर- मानेसर दोनों जगह गहलोत-पायलट खेमे का शक्ति प्रदर्शन, आज एक बार फिर सीएलपी की बैठक

जयपुर। राजस्थान में गहलोत सरकार पर संकट बरकरार है। वो फिलहाल 109 विधायकों के समर्थन का दावा करते हुए कह रहे हैं कि कांग्रेस की सरकार को खतरा नहीं है। लेकिन सचिन पायलट का खेमा कह रहा है कि गहलोत का दावा बेदम है। कांग्रेस प्रवक्ता सोमवार को दिन भर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहते रहे कि यह परिवार का मसला और सुलझ जाएगी। लेकिन तय समय पर होने वाली मीटिंग कई बार टली। करीब करीब शाम को जो खबर आई वो गहलोत खेमे के लिए राहत देने वाली थी। लेकिन विधायकों के मन में क्या है पता नहीं। 

सीएलपी की एक बार फिर होगी बैठक
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मंगलवार को 10 बजे कांग्रेस लेजिस्लेटिव पार्टी की बैठक होगी। वो सचिन पायलट समेत सभी विधायकों से अपील करते हैं कि बैठक में हिस्सा लें। किसी के मन में अगर शक और सुबहा हो तो उसे दूर किया जाएगा। लेकिन सचिन पायलट की तरफ से जो संकेत मिल रहे हैं उसके मुताबिक शायद वो न जाएं। सुरजेवाला कहते हैं कि यह किसी दो शख्सियत की लड़ाई या किसी के अहम को संतुष्ट करने की बात नहीं है। हमें राजस्थान की 8 करोड़ जनता की जिम्मेदारी मिली है जिसे पूरा करने के लिए सबके समर्थन की आवश्यकता है। 
 



लाल रेखा ना लांघने की सलाह
इस बीच अभिषेक मनु सिंघवी का भी कहना है कि सचिन पायलट एक प्रतिभाशाली, योग्य और शानदार शख्सियत के धनी हैं और कांग्रेस के लिए पूंजी हैं। वो उनके दोस्त भी हैं। उनका सभी लोग पार्टी में सम्मान करते हैं। उन्हें सामने आकर दिक्कतों के बारे में बताना चाहिए। सभी लोग उनकी बात सुनेंगे। सिंघवी कहते हैं कि उनकी समस्या वाजिब हो सकती है। लेकिन समझदारी के साथ ही किसी भी समस्या का सुलझाने का आधार होता है। 

सिंघवी का कहना है कि  एक जगह जहां वो लाल रेखा खींचते हैं वो यह है कि अगर आप चुनी सरकार को अस्थिर करें या अपनी पार्टी का नुकसान करें तो वो सही नहीं होगा। उनका मानना है कि उस लाल रेखा को लांघने के सिवाय पार्टी में सबकुथ मान्य है। वो इस मौके पर उनसे अपील करते हैं कि वो सही निर्णय लें। 

पायलट कैंप ने मानेसर में दिखाई ताकत
इस बीच सचिन पायलट की तरफ से उन विधायकों के वीडियो जारी किए गए हैं जो हरियाणा के मानेसर में उनके साथ हैं। सचिन पायलट के साथ इंदर राज गुर्जर, पी आर मीणास जी आर खटाना, हरीश मीणा और दूसरे विधायक हैं।दस सेंकेंड के इस वीडियो को पायलट के प्रवक्ता ने अधिकारिक व्हाट्स एप ग्रुप में जारी किया जिसमें लगभग 16 विधायक एक घेरे में बैठे हुए हैं। इसके अलावा छह अन्य लोग भी वीडियो में मौजूद है लेकिन उनकी पहचान नहीं हो सकी। वीडियो में पायलट नहीं दिखाई दिये।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!