Chidambaram Statement on Pahalgam Attack: पहलगाम हमले को लेकर कांग्रेस के दिग्गज नेता व पूर्व गृह मंत्री पी चिदंबरम के एक बयान ने सियासी हलचल मचा दी है और अब भारतीय जनता पार्टी उनपर और पार्टी पर हमलावर है। एक समाचार पोर्टल को दिए इंटरव्यू में चिदंबरम ने पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर से निपटने के केंद्र सरकार के तरीके पर कई सवाल उठाए हैं। इस इंटरव्यू में चिदंबरम ने कहा कि सरकार ने पर्याप्त जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है और सरकार पर महत्वपूर्ण विवरण साझा करने में आनाकानी करने का आरोप लगाया।
पहलगाम हमलावरों पर चिदंबरम के बयान से सियासी विवाद (PTI)
चिदंबरम ने पूछा- आतंकवादी हमलावर कहां हैं?
चिदंबरम ने कहा, आतंकवादी हमलावर कहां हैं? आपने उन्हें क्यों नहीं पकड़ा, या उनकी पहचान तक क्यों नहीं की? हमलावरों को पनाह देने वाले कुछ लोगों की गिरफ़्तारी की खबर सामने आई थी। उनका क्या हुआ? चिदंबरम ने स्पष्ट आधिकारिक जानकारी के अभाव की ओर भी इशारा किया। उन्होंने कहा, हमें विभिन्न अधिकारियों से जानकारी के कुछ अंश मिलते हैं। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) सिंगापुर जाते हैं और एक बयान देते हैं जिससे आपको जानकारी के कुछ अंश मिलते हैं। उप सेना प्रमुख मुंबई में बयान देते हैं। इंडोनेशिया में नौसेना का एक कनिष्ठ अधिकारी बयान देता है। लेकिन प्रधानमंत्री या रक्षा मंत्री या विदेश मंत्री कोई व्यापक बयान क्यों नहीं देते?
यह पूछे जाने पर कि उनका मानना है कि सरकार क्या छिपाने की कोशिश कर रही है, चिदंबरम ने जवाब दिया, मुझे लगता है, और यह अटकलें हैं, मुझे लगता है कि वे इस तथ्य को छिपा रहे हैं कि हमने (ऑपरेशन सिंदूर के दौरान) सामरिक गलतियां कीं, और हमने फिर से रणनीति बनाई, सीडीएस ने इसका संकेत दिया। कौन सी सामरिक गलतियां की गईं? फिर से रणनीति क्या बनाई गई? या तो भाजपा सरकार इन सवालों का जवाब देने में अक्षम है, या वह ऐसा करने को तैयार नहीं है।
NIA की भूमिका पर उठाए सवाल
उन्होंने जांच में राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, एनआईए क्या कर रही है, यह बताने को तैयार नहीं है। क्या उन्होंने आतंकवादियों की पहचान की है, वे कहां से आए थे? जहां तक हम जानते हैं, वे स्थानीय आतंकवादी हो सकते हैं। आप यह क्यों मान रहे हैं कि वे पाकिस्तान से आए थे? इसका कोई सबूत नहीं है। चिदंबरम ने आगे कहा, वे नुकसान भी छिपा रहे हैं। मैंने एक कॉलम में कहा था कि युद्ध में दोनों पक्षों को नुकसान होगा। मैं समझता हूँ कि भारत को भी नुकसान हुआ होगा। खुलकर बोलिए।
बीजेपी ने चिदंबरम को घेरा
उनकी यह टिप्पणी सोमवार को संसद में होने वाली बहस से पहले आई है, जहां सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्ष पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा करने वाले हैं। इस बीच, भाजपा ने चिदंबरम की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कांग्रेस पर पाकिस्तान का बचाव करने का आरोप लगाया। भाजपा नेता अमित मालवीय ने कहा, एक बार फिर, कांग्रेस पाकिस्तान को क्लीन चिट देने की जल्दी में है - इस बार पहलगाम आतंकी हमले के बाद। उन्होंने कहा, ऐसा क्यों है कि जब भी हमारी सेनाएं पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का सामना करती हैं, तो कांग्रेस नेता भारत के विपक्ष की बजाय इस्लामाबाद के बचाव पक्ष के वकील की तरह अधिक लगते हैं?
कांग्रेस का पाकिस्तान का साथ देना जरूरी क्यों: अनुराग ठाकुर
वहीं, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने पी.चिदंबरम का बयान पर कहा, जब-जब पाकिस्तान और आतंक की बात आती है तो पाकिस्तान भी पाकिस्तान की उतनी पैरवी नहीं करता जितनी राहुल अधिकृत कांग्रेस पाकिस्तान की करती है। हर तर्क, हर बचाव का तरीका तैयार रहता है। कहीं न कहीं पाकिस्तान को बचाने के लिए कांग्रेस खड़ी रहती है, ऐसी कौनसी मजबूरी है कि कांग्रेस को पाकिस्तान का साथ देना जरूरी है? आज जब पहलगाम आतंकी हमले पर सदन में चर्चा होगी तो उससे पहले पूर्व गृह मंत्री का इस तरह का बयान आना कांग्रेस की मानसिकता को दिखाता है कि वे भारत के साथ नहीं हैं।
