देश

रोहित शेट्टी फायरिंग केस: स्कूटर से शूटर तक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग की साजिश की परतें खुलीं!

रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग के मामले में पुलिस जांच से खुलासा हुआ है कि वारदात में इस्तेमाल किया गया होंडा डियो स्कूटर पुणे से 30 हजार रुपये में खरीदा गया था। स्कूटर खरीदने, मुंबई पहुंचाने और फायरिंग कराने की पूरी साजिश बिश्नोई गैंग से जुड़े शुभम लोनकर ने रची थी।

rohit shetty firing

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में 4 हो चुके हैं गिरफ्तार (फोटो- PTI& Times Now Navbharat)

मुंबई के जुहू इलाके में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, साजिश की परतें खुलती जा रही हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस सनसनीखेज वारदात में इस्तेमाल किया गया स्कूटर पुणे से खरीदा गया था और पूरी साजिश को बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया।

कहां से खरीदा गया था स्कूटर?

जांच में सामने आया है कि जिस होंडा डियो स्कूटर पर सवार होकर हमलावर रोहित शेट्टी के घर तक पहुंचा और फायरिंग की, वह स्कूटर मूल रूप से पुणे निवासी आनंद मारोटे के नाम पर रजिस्टर्ड था। मारोटे ने यह स्कूटर 6 अगस्त 2009 को खरीदा था और घटना से करीब 12 दिन पहले इसे गिरफ्तार आरोपी आदित्य गायकी को 30 हजार रुपये में बेच दिया था। यह सौदा सादे कागज पर किया गया, जिसमें बेचने वाले ने आदित्य गायकी का सिग्नेचर भी लिया था।

स्कूटर खरीदकर, तय जगह पर छोड़ा

पुलिस के अनुसार, आदित्य गायकी और एक अन्य आरोपी समर्थ पोमाजी को निर्देश दिया गया था कि वे स्कूटर खरीदकर मुंबई ले जाएं और जुहू इलाके में पहले से तय एक स्थान पर छोड़ दें। ये निर्देश सीधे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े शुभम लोनकर ने दिए थे। हालांकि, स्कूटर खरीदने और उसे मुंबई तक पहुंचाने वाले आरोपियों को यह जानकारी नहीं दी गई थी कि असली शूटर कौन होगा।

शुभम लोनकर ने स्कूटर उठाया और फिर फायरिंग किया

पुलिस सूत्र बताते हैं कि बाद में शुभम लोनकर ने ही शूटर को उस जगह से स्कूटर उठाने और फायरिंग को अंजाम देने का आदेश दिया। यह वही मोडस ऑपरेंडी है, जो पहले भी कई संगठित अपराधों में देखी गई है- जहां एक ही अपराध के लिए कई छोटे-छोटे ग्रुप बनाए जाते हैं, लेकिन उन्हें एक-दूसरे की भूमिका की जानकारी नहीं दी जाती।

इसी स्कूटर से हुई थी रेकी

जांच में यह भी सामने आया है कि फायरिंग से पहले रेकी भी इसी स्कूटर से की गई थी, ताकि हमले के बाद आरोपी आसानी से फरार हो सके। योजना के मुताबिक, रोहित शेट्टी के घर के बाहर पांच राउंड फायरिंग करने के बाद शूटर उसी स्कूटर पर सवार होकर भागा और विले पार्ले रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां स्कूटर छोड़कर वह ट्रेन के जरिए मुंबई से बाहर निकल गया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क, शुभम लोनकर की भूमिका और शूटर की पहचान को लेकर गहन जांच कर रही है। क्राइम ब्रांच की टीमें तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर पूरे षड्यंत्र की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

अतुल सिंह
अतुल सिंह author

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now ... और देखें

End of Article