देश

आज दिल्ली आ रहीं ममता बनर्जी, SIR पर टकराव के बीच विपक्ष के नेताओं से मिलेंगी TMC प्रमुख

पार्टी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री संसद सत्र के दौरान दिल्ली में विपक्षी दलों के नेताओं के साथ बातचीत करेंगी। पार्टी नेताओं ने कहा कि यात्रा का समय चाहे जो भी हो, उनका मुख्य उद्देश्य पश्चिम बंगाल में एसआईआर के खिलाफ जारी लड़ाई को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाना है। एसआईआर के मुद्दे पर वह विपक्ष को लामबंद करने की कोशिश करेंगी।

Image

दिल्ली में विपक्ष के नेताओं से मिलेंगी ममता बनर्जी।

Photo : PTI

Mamata Banerjee : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बुधवार को दिल्ली आ रही हैं। बंगाल की सीएम का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब संसद के बजट सत्र की शुरुआत हो रही है और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ED) के साथ उनका टकराव चल रहा है। इस घटनाक्रम के कारण राज्य का अंतरिम बजट पेश किए जाने की तारीख आगे बढ़ा दी गई है और अब पांच फरवरी को बजट पेश किया जाएगा। पार्टी और विधानसभा के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

लेखानुदान बजट अब पांच फरवरी को पेश होगा

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के अंतरिम बजट सत्र का कार्यक्रम आधिकारिक तौर पर संशोधित कर दिया गया है। अब सत्र 31 जनवरी के बजाय तीन फरवरी से शुरू होगा। पहले दो फरवरी को पेश होने वाला लेखानुदान बजट अब पांच फरवरी को पेश किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, 'बजट अब पांच फरवरी को पेश किया जाएगा। सत्र तीन फरवरी से शुरू होगा।' कार्यक्रम में बदलाव ऐसे में समय हुआ है जब बनर्जी राष्ट्रीय राजधानी का दौरा करने वाली हैं। हालांकि उनकी यात्रा का कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है।

SIR पर विपक्षी नेताओं से करेंगी बात

पार्टी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री संसद सत्र के दौरान दिल्ली में विपक्षी दलों के नेताओं के साथ बातचीत करेंगी। पार्टी नेताओं ने कहा कि यात्रा का समय चाहे जो भी हो, उनका मुख्य उद्देश्य पश्चिम बंगाल में एसआईआर के खिलाफ जारी लड़ाई को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाना है। एसआईआर के मुद्दे पर वह विपक्ष को लामबंद करने की कोशिश करेंगी।

SIR के खिलाफ ममता ने किया था मार्च

पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) चार नवंबर से शुरू हुआ था, उसी दिन ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कोलकाता की सड़कों पर विरोध मार्च किया था। मार्च के बाद एक रैली को संबोधित करते हुए, अभिषेक ने चेतावनी दी थी कि अगर कोई 'वास्तविक मतदाता' सूची से बाहर किया गया तो पार्टी एसआईआर के खिलाफ लड़ाई को दिल्ली तक ले जाएगी।

बंगाल में होने हैं विधानसभा चुनाव

ममता बनर्जी ने मंगलवार को चेतावनी दी कि आगामी चुनावों से पहले राज्य में अशांति फैलाने के प्रयास किए जा रहे हैं और लोगों से शांति बनाए रखने और उकसावे में न आने का आग्रह किया। किसी का नाम लिए बिना बनर्जी ने दावा किया कि कुछ ताकतें चुनावी लाभ के लिए राज्य में अशांति फैलाने की कोशिश कर रही हैं। पश्चिम बंगाल में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article