West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार में अभी तक बांग्लादेश और उसके घुसपैठियों का मुद्दा खूब गूंज रहा था, वहीं अब इसमें पाकिस्तान के रक्षामंत्री की गीदड़भभकी भी शामिल हो गई है। पाकिस्तान के रक्षामंत्री की टिप्पणी पर पीएम मोदी की प्रतिक्रिया न आने को लेकर सूबे की मुखिया ममता बनर्जी ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सोमवार को सवाल किया कि पाकिस्तान द्वारा कोलकाता पर हमले की धमकी दिए जाने का मुद्दा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक दिन पहले इस राज्य में अपनी चुनावी रैलियों के दौरान क्यों नहीं उठाया। इतना ही नहीं ममता बनर्जी ने पीएम से उनके इस्तीफे की भी मांग की।
ममता बनर्जी ने साधा पीएम मोदी पर निशाना
ममता ने पूछा सवाल- रैली में इसपर क्यों नहीं बोले पीएम
उन्होंने पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में मोदी द्वारा एक चुनावी रैली को संबोधित किए जाने के एक दिन बाद नदिया जिले में एक चुनावी रैली में कहा, 'पाकिस्तान के रक्षामंत्री कहते हैं कि वे कोलकाता को निशाना बनाएंगे। प्रधानमंत्री ने बंगाल में अपनी रैली के दौरान इस मुद्दे को क्यों नहीं उठाया? जब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री कहते हैं कि वे कोलकाता पर हमला करेंगे,तो प्रधानमंत्री ने यह क्यों नहीं कहा कि हम कड़ी कार्रवाई करेंगे? आखिर इसका क्या कारण है? क्या योजना तैयार है?क्या चुनाव से पहले एक और पहलगाम जैसी घटना होगी?'
'आपको इस्तीफा दे देना चाहिए'
आगे बोलते हुए ममता बनर्जी ने यह भी चेतावनी दी कि अगर दिल्ली बंगाल के लोगों को निशाना बनाती है, तो बंगाल भी पलटवार करेगा।उन्होंने पीएम मोदी को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे हम देश पर किसी भी खतरे को स्वीकार नहीं करते,वैसे ही हम भारतीय नागरिक कोलकाता को दी गई धमकी को भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। आप चुनावी रैलियों में बंगाल को निशाना बनाते हैं, लेकिन जब पाकिस्तान बंगाल पर हमले की बात करता है,तो आप एक शब्द भी नहीं कहते। आपको इस्तीफा दे देना चाहिए।
क्या बोले थे रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ?
दरअसल, बदहाल पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत के खिलाफ जहर उगला था। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शनिवार को गीदड़भभकी देते हुए कहा था कि भविष्य में अगर किसी भी प्रकार का संघर्ष होता है तो उसका जवाब कोलकाता में हमले से दिया जाएगा। ख्वाजा आसिफ ने लाहौर से लगभग 130 किलोमीटर दूर अपने गृहनगर सियालकोट में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अगर भारत इस बार हमें जिम्मेदार ठहरा कर कोई (सैन्य) ऑपरेशन करने की कोशिश करता है, तो हम कोलकाता तक निशाना साधेंगे।
आसिफ ख्वाजा ने पहली बार इस तरह का बयान नहीं दिया है। वह पहले भी उल-जलूल बयानबाजी करते रहे हैं। इससे साबित होता है कि पाकिस्तान ने हवाबाजी की हदें पार कर दी हैं। ऑपरेशन सिंदूर का जख्म लिए बैठे पाकिस्तान की उकसावे वाली कोरी धमकियां उसके नेताओं की मानसिक स्थिति को बयां करती है। हालांकि भारत में इसे लेकर राजनीति शुरू हो गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
