REET परीक्षार्थियों को वोट बैंक में तब्दील करने की कोशिश में कांग्रेस! जिला महामंत्री का वीडियो वायरल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 26, 2021, 09:23 AM IST

REER Exam परीक्षार्थियों से कांग्रेस जिला महामंत्री ने राजस्थान में गहलोत के हाथ मजबूत करने की अपील की जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

कोटा: राजस्थान में आज रीट परीक्षा आयोजित की जा रही है। दो पालियों में होने वाली परीक्षा के लिए 26 लाख परीक्षार्थी नामांकित है। ऐसे में कांग्रेस के नेता इस रीट परीक्षा के परीक्षार्थियों के हितैषी बने बैठे हैं। वह इस मौके को पार्टी के लिए भुनाते नजर आ रहे हैं। राजस्थान के आगामी विधानसभा चुनाव भले दूर है। लेकिन वह अभी से पार्टी का वोट बैंक मजबूत करने जुट गए हैं।  इस बात की तस्दीक एजुकेशन सिटी कोटा में शनिवार देर रात को कांग्रेस जिला महामंत्री विपिन बरथुनिया का एक वीडियो सामने आने पर हो गई है।

वायरल हुआ कांग्रेस नेता का वीडियो

जो वीडियो कांग्रेस जिला महामंत्री का सामने आया उसमें वह पुरानी सब्जी मंडी स्थित सुंदर धर्मशाला में पहुंच कर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हाथ रीट परीक्षार्थियों से मजबूत करने की अपील करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में नजर आ रहे परीक्षार्थी बांसवाड़ा जिले से हैं कांग्रेस जिला महामंत्री परीक्षार्थियों से कह रहे हैं कि राजस्थान में रीट परीक्षार्थियों के लिए जो भी व्यवस्था है निशुल्क की गई है। वह मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की देन है। ऐसे में उन्हें कांग्रेस के हाथ मजबूत रखने हैं। 

क्या कहा कांग्रेस नेता ने

कांग्रेस जिला महामंत्री ने छात्रों से बात करते हुए कहा,'राजस्थान में अशोक गहलोत की सरकार है और कोटा में धारीवाल जी का आशीर्वाद है कोटा में। कोई दिक्कत हो तो बताना। किसी ने पैसा तो नहीं लिया। खाना खाया आप लोगों ने। कोई दिक्कत हो तो बताना। मैनेजर को बताना है।' जिला महामंत्री बरथुनिया ने वीडियो में परीक्षार्थियों से बातचीत करते हुए इस तरह का व्यवहार किया,  जैसे वह क्षेत्रीय विधायक हैं।

जिला महामंत्री ने कहा कि कोटा उत्तर विधानसभा उनका क्षेत्र है। और उनका फर्ज है उन लोगों की तकलीफ जानना। जिला महामंत्री ने परीक्षार्थियों को बताया कि वह कोटा में सब जगह गए है। सब जगह परीक्षार्थियों के हालचाल जाने हैं उनसे बातचीत की है। ऐसे में इस वीडियो ने स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता व नेता रीट परीक्षा के 26 लाख परीक्षार्थियों को वोट बैंक में तब्दील करने में जुटे हुए हैं।

End of Article