Patna University Election: पटना विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव के दौरान फायरिंग की खबर है जिससे वहां अफरातफरी मच गई। खबर के मुताबिक चुनाव प्रचार को लेकर दो छात्र गुटों (Student Union) के बीच हुई फायरिंग के अलावा जमकर मारपीट भी हुई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हालात को काबू में किया। कहा जा रहा है कि एक गुट के छात्रों ने अपने उम्मीदवार को वोट दिलाने के लिए हॉस्टल के छात्रों पर दवाब बनाया जिसके बाद मारपीट और पथराव हुआ। गोलीबारी की घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।
पटना यूनिवर्सिटी में बवाल के बाद मीडिया से बात करते हुए पुलिस अधिकारी
आज ही घोषित होगा रिजल्ट
दरअसल पटना विश्वविद्यालय (PU Election Results) में आज ही वोटिंग होने के बाद काउंटिंग भी होनी है। सुबह 8 बजे से शुरू हुई वोटिंग दोपहर दो बजे खत्म हो गई। चार बजे से मतगणना (Patna University Countiong) की प्रक्रिया शुरू हो गई है औऱ आज ही परिणाम घोषित हो जाएंगे। जिस जगह पर काउंटिंग हो रही है वहां से 200 मीटर परिधि में धारा 144 लागू रहेगी। इसके अलावा मतगणना की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
बोगस वोटिंग को लेकर बवाल!
कुछ छात्रों का आरोप है कि बोगस वोटिंग की जा रही थी जिसके बाद बवाल हुआ। वहीं वोटिंग प्रतिशत की बात करें तो दोपहर एक बजे तक पटना ट्रेनिंग कॉलेज 65 फीसदी से अधिक वोटिंग हो चुकी थी। डीएसपी अशोक सिंह ने कहा कि कुछ असमाजिक तत्वों ने हवाई फायरिंग की जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ। उन्होने कहा कि मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और हालात फिलहाल काबू में है तथा मामले की जांच की जा रही है।
