देश

ट्विशा शर्मा मौत मामला: पहली मुलाकात से लेकर 7 लाख रुपये ट्रांसफर तक, SIT के सवालों में घिरे समर्थ सिंह

Twisha Sharma: भोपाल में ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच लगातार गहराती जा रही है। दिल्ली एम्स के डॉक्टरों की टीम द्वारा दूसरा पोस्टमार्टम किया गया, जबकि मुख्य आरोपी और पति समर्थ सिंह से एसआईटी लगातार पूछताछ कर रही है।

Image

पति समर्थ सिंह से एसआईटी की लगातार पूछताछ (Photo: AI Generated)

Twisha Sharma: भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच लगातार तेज होती जा रही है। ट्विशा की मौत (Twisha Sharma Case) को 13 दिन बीत चुके हैं और आज उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। ट्विशा का शाम करीब 5 बजे भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर अंतिम संस्कार हुआ इससे पहले दिल्ली एम्स के चार वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंचकर ट्विशा का दूसरा पोस्टमार्टम किया। ट्विशा शर्मा की शादी को अभी सिर्फ पांच महीने ही हुए थे। 12 मई को ससुराल में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।

तभी से यह मामला चर्चा में बना हुआ है। परिवार ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के प्रभाव के कारण मामले की सही जांच नहीं हो रही थी और कई तथ्यों को दबाने की कोशिश की गई। इसी वजह से परिवार ने दूसरे पोस्टमार्टम की मांग की थी। इस मामले में मुख्य आरोपी ट्विशा ((Twisha Sharma Death Case) के पति समर्थ सिंह को पुलिस ने 10 दिन तक फरार रहने के बाद गिरफ्तार किया। भोपाल की अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। जांच कर रही एसआईटी अब समर्थ सिंह से लगातार पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान समर्थ पूरी तरह सहयोग नहीं कर रहा है।

पुलिस ने शादी के बाद दोनों के रिश्तों के बारे में किए कई सवाल

एसआईटी ने समर्थ सिंह से कई अहम सवाल पूछे हैं। जांच टीम जानना चाहती है कि उसकी और ट्विशा की पहली मुलाकात कैसे हुई थी और दोनों की शादी कब हुई। पुलिस ने शादी के बाद दोनों के रिश्तों के बारे में भी सवाल किए हैं। साथ ही यह भी पूछा गया कि ट्विशा और समर्थ की मां गिरिबाला सिंह के संबंध कैसे थे और क्या कभी उनकी मां ने कहा था कि उन्हें ट्विशा पसंद नहीं है। जांच एजेंसी ने यह भी जानने की कोशिश की कि क्या ट्विशा ने अपने परिवार को वैवाहिक तनाव की जानकारी दी थी। पुलिस ने उन कथित चैट्स को लेकर भी सवाल पूछे जिनमें ट्विशा ने उत्पीड़न के आरोप लगाए थे।

पुलिस से बचने के लिए कहां छिपा था समर्थ?

12 मई की रात को लेकर भी एसआईटी ने कई सवाल किए। समर्थ से पूछा गया कि वह उस दिन कहां था, ट्विशा की मौत की जानकारी उसे सबसे पहले कब मिली और क्या उस रात दोनों के बीच कोई विवाद हुआ था। पुलिस ने यह भी पूछा कि जब उसे ट्विशा के साथ रहना था, तब वह उसे अकेला छोड़कर क्यों चला गया। फरार रहने के दौरान समर्थ कहां-कहां रहा, किन लोगों के संपर्क में था और क्या वह अपनी मां के संपर्क में था, इसको लेकर भी पूछताछ की गई। जांच टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि पुलिस से बचने के लिए वह कहां छिपा हुआ था, क्या वह भोपाल में ही था या शहर छोड़ चुका था और उसे पनाह किसने दी।

ट्विशा के खाते में 7 लाख रुपये ट्रांसफर करने की क्या थी वजह?

आर्थिक लेनदेन भी जांच के दायरे में है। एसआईटी ने समर्थ से पूछा कि ट्विशा के खाते में 7 लाख रुपये ट्रांसफर करने की वजह क्या थी और वह हर महीने ट्विशा को कितने पैसे देता था। फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। दूसरे पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यह मामला अब केवल एक संदिग्ध मौत नहीं, बल्कि कई सवालों और शक के घेरे में चल रही बड़ी जांच बन चुका है।

monu jha
मोनू झा author

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कं... और देखें

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें