Top News Today, 29 May 2023: पश्चिम बंगाल में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के एकलौते विधायक बायरन बिस्वास ने टीएमसी ज्वाइन कर लिया है। अब बंगाल में कांग्रेस शून्य पर हो गई है। वहीं दिल्ली के साक्षी हत्याकांड में आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया गया है। साहिल ने 20 से ज्यादा बार चाकू मारकर साक्षी की हत्या कर दी थी। जिसके बाद वो फरार हो गया था। गृहमंत्री अमित शाह के मणिपुर दौरे से पहले हिंसा भड़क गई है। जिसमें कई लोगों की मौत हो गई है। पाकिस्तान उच्चायोग ने कम दाखिले के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपने स्कूल का संचालन रोक दिया है। पढ़ें आज शाम तक की बड़ी ओर अहम खबरें
आज शाम तक की बड़ी और अहम खबरें
पश्चिम बंगाल में कांग्रेस जीरो हो गई है। कांग्रेस (Congress) के एकलौते विधायक बायरन बिस्वास (Bayron Biswas) ने पार्टी को अलविदा कह दिया है और वो ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी (TMC) में शामिल हो गए हैं। अब कांग्रेस के पास पश्चिम बंगाल में कोई विधायक नहीं रहा है। बायरन बिस्वास ने ही पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की लाज बचाई थी, लेकिन अब वो भी ममता बनर्जी के पास चल गए हैं।
Sakshi Murder Case: दिल्ली की साक्षी, जिसकी आंखों में कई सपने थे, अभी जिंदगी जीने की कोशिश ही कर रही थी कि साहिल की दरिंदगी ने उसकी जान ले ली। एक 16 साल की लड़की की जिस तरह से साहिल ने हत्या की वो खौफनाक है। हत्या के वीडियो को देखकर हर कोई दहल जाएगा। एक के बाद एक 20 बार चाकूओं से वार, मन नहीं भरा तो मरी हुई साक्षी को पत्थरों से कुचल डाला। इस हत्या की वजह जो कुछ हो, लेकिन इस दरिंदगी को किसी भी सभ्य सामाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता है।
गृह मंत्री अमित शाह के दौरे से ठीक पहले मणिपुर में हिंसा भड़क उठी है। हिंसा में अब तक पांच लोगों की मौत हुई है। उग्रवादियों और सुरक्षाबलों के बीच अचानक झड़प और गोलीबारी की घटना के एक दिन बाद जातीय संघर्ष से प्रभावित मणिपुर में स्थिति शांत लेकिन तनावपूर्ण है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न अस्पतालों में इलाज के दौरान तीन और लोगों के दम तोड़ने के बाद, एक दिन पहले हुई झड़पों में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर सोमवार को पांच हो गई।
पाकिस्तान उच्चायोग ने कम दाखिले के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपने स्कूल का संचालन रोक दिया है। यह स्कूल उच्चायोग के कर्मचारियों के बच्चों को शिक्षा मुहैया कराने के लिए बनाया गया था, लेकिन पाकिस्तान द्वारा जून 2020 में भारत में अपने कर्मचारियों की संख्या में भारी कटौती करने के बाद इसमें छात्रों की संख्या काफी घट गई थी।
Chandrayan-3 : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के चेयरमैन एस सोमनाथ ने सोमवार को कहा कि चंद्रमा पर भारत के तीसरे मिशन चंद्रयान-3 इस जुलाई में अपने अभियान पर रवाना होगा। बता दें कि चंद्रायन-2 के बाद यह चंद्रमा पर भारत का यह तीसरा मिशन है। यह चंद्रमा पर यान के सुरक्षित लैंडिंग एवं उसकी सतह का जायजा लेने की भारत की क्षमता को दर्शाएगा। सोमनाथ ने कहा कि चंद्रमा मिशन को लेकर वह पूरी तरह से आश्वस्त हैं।
28 मई को खेला जाने वाला आईपीएल 2023 का फाइनल मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। हालांकि, फैंस के लिए राहत की खबर यह रही कि फाइनल मैच के लिए रिजर्व डे का प्रावधान था। बारिश के बीच वर्ल्ड के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में अलग-अलग रंग देखने को मिला। कहीं फैंस छाता लिए खड़े थो कुछ फैंस ने भींग कर इसका मजा लिया, लेकिन इस बीच गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल और मोहम्मद शमी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) इस साल यानी 2023 की चौथी तिमाही में नीतिगत दर या रेपो रेट (Repo Rate) में कटौती कर सकता है। ऑक्सफोर्ड इकनॉमिक्स (Oxford Economics) ने यह अनुमान लगाया है। पूर्वानुमान लगाने वाली वैश्विक कंपनी ने कहा है कि कई ऐसे पैक्टर हैं जिनके चलते केंद्रीय बैंक अपने रुख को अधिक उदार कर सकता है।
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की आज पहली बरसी है। लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के कुछ गुर्गों ने मूसेवाला को मानसा स्थित गांव में घेरकर मारा था। रात 12 बजे बेटे शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला की याद में मां चरण कौर ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट की। वहीं, सिद्धू मूसेवाला की याद में मूसा गांव में आज कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। बता दें कि, 29 मई, 2022 को सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आज उसी स्थान पर जाकर पंजाबी गायक की मां भावुक हो गईं और माथा टेककर फूट-फूटकर रोईं, इस दौरान वहां मौजूद कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
