Pipe Bomb Targeting LK Advani: तमिलनाडु के मदुरै में में तत्कालीन उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की रथयात्रा के दौरान पाइप बम लगाने की कोशिश में शामिल आतंकवादी अबूबकर सिद्दीकी को 30 साल बाद आंध्र प्रदेश में उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।उसने बताया कि सिद्दिकी दक्षिण भारत में हुए कई बम विस्फोटों में शामिल था और उसे तमिलनाडु के आतंकवाद निरोधी दस्ते ने अन्नामय्या जिले में उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया ।
लालकृष्ण आडवाणी (फाइल फोटो)
पुलिस के बयान में कहा गया, 'वे कई बम विस्फोटों और सांप्रदायिक हत्याओं में शामिल थे और तीन दशकों से पुलिस की पकड़ से बचते रहे थे।' उन्हें एक गुप्त सूचना के आधार पर और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की सहायता से गिरफ्तार किया गया, जो लंबे समय से आतंकवादियों पर नजर रख रही थीं।
अबूबकर कई चर्चित आतंकवादी मामलों में आरोपी
अबूबकर कई चर्चित आतंकवादी मामलों में आरोपी है, जिनमें 1995 में चिंताद्रिपेट स्थित हिंदू मुन्नानी के कार्यालय में हुआ बम विस्फोट, उसी वर्ष नागौर में हिंदू दक्षिणपंथी कार्यकर्ता टी मुथुकृष्णन के लिए जानलेवा साबित हुए संबंधित पार्सल बम विस्फोट तथा 1999 में एग्मोर स्थित चेन्नई पुलिस आयुक्त कार्यालय और तिरुचिरापल्ली, कोयंबटूर तथा केरल समेत छह अन्य स्थानों पर बम लगाने का मामला शामिल है।
