
Madurai Train Fire: तमिलनाडु ट्रेन हादसे में नौ मरे, यूपी में मातम के बीच बोले योगी- दें हर संभव मदद
Madurai Train Fire: तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन पर खड़े रेलयात्री कोच में शनिवार तड़के आग लग गई, जिसमें रामेश्वरम जाने वाले कम से कम 10 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। दक्षिण रेलवे ने बताया कि यात्री कोच में ‘अवैध रूप’ से लाए गए गैस सिलेंडर की वजह से आग लगी। आग लगने की घटना में यात्रियों की मौत से उत्तर प्रदेश में मातम छा गया। ऐसा इसलिए क्योंकि दुर्घटना में उत्तर प्रदेश के कम से कम छह यात्रियों (सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई और लखनऊ जिले के निवासी थे) की मौत हो गई। यात्रियों की मौत की खबर आने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख प्रकट किया और पीड़ित परिवारों को राहत व सहायता उपलब्ध कराने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय की। दरअसल, मदुरै में जिस डिब्बे में आग लगी, वह एक ‘प्राइवेट पार्टी कोच’ (किसी व्यक्ति द्वारा बुक किया गया पूरा डिब्बा) था और उसमें सवार 65 यात्री उत्तर प्रदेश से मदुरै पहुंचे थे।