Jammu Kashmir Alert: जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में शुक्रवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया और हाई अलर्ट जारी कर दिया गया, जब एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी, पुलिस नाके को तोड़कर फरार हो गई। इस दौरान पुलिस ने फायरिंग भी की, लेकिन गाड़ी नहीं रूकी। घटना के बाद पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और भारतीय सेना ने पूरे इलाके में संयुक्त रूप से बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया। हालांकि बाद में संदिग्ध गाड़ी मिल गई है, लेकिन सवार फरार हैं।
रामबन में सुरक्षा घेरा तोड़कर भागी संदिग्ध स्कॉर्पियो
ये भी पढ़ें- अतीक अहमद के कितने बेटे, कितनों की हुई मौत-कितने जीवित? 3 साल से पत्नी शाइस्ता परवीन कहां है गायब
रोकने के बावजूद तेज गति में भाग निकला चालक
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह घटना तड़के लगभग 3:30 बजे की है। पंजीकरण संख्या JK02AK-1743 वाली एक सफेद स्कॉर्पियो गाड़ी श्रीनगर की तरफ से आ रही थी और जम्मू की ओर बढ़ रही थी। चंदरकोट में तैनात पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा जांच के लिए वाहन को रुकने का इशारा किया। हालांकि, चालक ने सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी की और पुलिस नाके को तोड़ते हुए गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और नाशरी की दिशा में भाग निकला।
सुरक्षा बलों ने दागीं तीन गोलियां, क्षेत्र में घेराबंदी
सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध वाहन को रोकने के प्रयास में मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तीन राउंड फायरिंग भी की। इसके बावजूद चालक गाड़ी लेकर नाशरी की तरफ भागने में सफल रहा। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में तुरंत सुरक्षा बढ़ा दी गई। चंदरकोट और आसपास के इलाकों को सील कर दिया गया तथा रामबन जिला पुलिस, सीआरपीएफ और सेना के जवानों ने संयुक्त रूप से इलाके में बड़े पैमाने पर कॉम्बिंग और तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
डलवास के पास जब्त हुई संदिग्ध स्कॉर्पियो
हादसे की सूचना मिलते ही रामबन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अरुण गुप्ता खुद स्थिति का जायजा लेने और सुरक्षा अभियान की निगरानी करने मौके पर पहुंचे। एसएसपी अरुण गुप्ता ने पुष्टि की कि व्यापक तलाशी अभियान के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने उस संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी को डलवास के पास से बरामद कर जब्त कर लिया है।
जांच में जुटी एजेंसियां
फिलहाल सुरक्षा बल गाड़ी के चालक और उसमें सवार संभावित लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि वाहन नाका तोड़कर क्यों भागा और क्या इसमें कोई संदिग्ध या अवैध सामग्री शामिल थी। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
